छत्तीसगढ़

सिद्ध हनुमान परिवार की पहल रंग लाई, नपा अध्यक्ष श्याम सुंदर अग्रवाल के नेतृत्व में पुष्प वाटिका गार्डन का होगा कायाकल्प



सक्ती। वार्ड क्रमांक 2 स्थित पुष्प वाटिका गार्डन को असामाजिक तत्वों और दारूबाजी के चंगुल से मुक्त कर एक सुंदर, सुरक्षित और व्यवस्थित उद्यान के रूप में विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल शुरू हो गई है। नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर अग्रवाल ने सिद्ध हनुमान परिवार सेवा समिति के पदाधिकारियों एवं नगर पालिका अधिकारियों के साथ गार्डन का निरीक्षण कर विकास कार्यों की रूपरेखा तैयार की।

निरीक्षण के दौरान वार्ड पार्षद रामसंजीवन देवांगन, नगर पालिका के इंजीनियर, कर्मचारी इब्राहिम खान सहित समिति के सदस्य और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। इस अवसर पर गार्डन के सौंदर्यीकरण, सुरक्षा व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं के विस्तार को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर अग्रवाल ने कहा कि वर्षों से उपेक्षित पड़े पुष्प वाटिका गार्डन को अब नए स्वरूप में विकसित किया जाएगा। यहां साफ-सफाई, हरियाली, आकर्षक प्रकाश व्यवस्था, बैठने की सुविधाएं तथा बच्चों और बुजुर्गों के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि यह उद्यान नगरवासियों के लिए एक आदर्श सार्वजनिक स्थल बन सके।

उन्होंने बताया कि लंबे समय से गार्डन में दारूबाजी और असामाजिक गतिविधियों की शिकायतें मिल रही थीं, जिसके कारण महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग यहां आने से परहेज करते थे। अब नगर पालिका और सिद्ध हनुमान परिवार के संयुक्त प्रयास से इन गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाई जाएगी तथा गार्डन को सुरक्षित और परिवारों के अनुकूल वातावरण प्रदान किया जाएगा।

सिद्ध हनुमान परिवार सेवा समिति ने भी उद्यान के संरक्षण, रखरखाव और विकास में सक्रिय सहयोग देने का भरोसा दिलाया। समिति का उद्देश्य इस सार्वजनिक स्थल को ऐसा स्वरूप देना है, जहां नगरवासी सुबह-शाम भ्रमण कर सकें और सामाजिक-सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन भी हो सके।

नगरवासियों ने इस पहल का स्वागत करते हुए विश्वास जताया है कि गार्डन के कायाकल्प के बाद यह क्षेत्र नगर की पहचान बनेगा और असामाजिक तत्वों के प्रभाव से पूरी तरह मुक्त होकर लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा।


“गार्डन में दारूबाजी और असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगाकर बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों के लिए सुरक्षित वातावरण तैयार किया जाएगा।”
— श्याम सुंदर अग्रवाल, अध्यक्ष, नगर पालिका परिषद सक्ती।

Related Articles