छत्तीसगढ़

अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन की अनूठी पहल: जरूरतमंदों को बांटे गए रेनकोट, नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर अग्रवाल ने किया वितरण



सक्ती। वर्षा ऋतु में जरूरतमंद लोगों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन, सक्ती द्वारा सेवा एवं जनकल्याण की भावना के साथ रेनकोट वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद सक्ती के अध्यक्ष श्याम सुंदर अग्रवाल के कर-कमलों से जरूरतमंद लोगों को रेनकोट वितरित किए गए।

इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर अग्रवाल ने कहा कि समाज सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है। बारिश के मौसम में अनेक जरूरतमंद लोगों को दैनिक कार्यों के लिए बाहर निकलना पड़ता है। ऐसे में रेनकोट उनके लिए उपयोगी साबित होंगे। उन्होंने अग्रवाल सम्मेलन की इस मानवीय पहल की सराहना करते हुए कहा कि सामाजिक संगठनों को समय-समय पर जरूरतमंदों की सहायता के लिए आगे आना चाहिए।

कार्यक्रम में उपस्थित अग्रवाल सम्मेलन के पदाधिकारियों ने कहा कि संगठन हमेशा समाज के कमजोर एवं जरूरतमंद वर्ग के हित में कार्य करता रहा है। शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण तथा सामाजिक सेवा जैसे विभिन्न क्षेत्रों में सम्मेलन लगातार जनहित के कार्यक्रम संचालित करता है। रेनकोट वितरण का उद्देश्य बारिश के मौसम में जरूरतमंद लोगों को राहत प्रदान करना है, ताकि वे बिना किसी परेशानी के अपने दैनिक कार्य कर सकें।

इस अवसर पर अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के प्रदेश मंत्री मनीष कथूरिया, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य महेंद्र जिंदल, जिला महामंत्री प्रकाश अग्रवाल (ट्रॉली) तथा सदस्य गजेंद्र डालमिया सहित सम्मेलन के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान लाभार्थियों ने अग्रवाल सम्मेलन और नगर पालिका अध्यक्ष का आभार व्यक्त करते हुए इस जनसेवी पहल की सराहना की।

कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ और उपस्थित लोगों ने भविष्य में भी ऐसे जनकल्याणकारी कार्य निरंतर जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया।

Related Articles