छत्तीसगढ़

सक्ती के जेठा में पीएम मोदी की सभा 23 को, वित्त मंत्री ओपी चौधरी बनाए गए सभा संयोजक

 दोपहर 3:15 बजे आयोजित कार्यक्रम में एक लाख की भीड़ जुटने का अनुमान

सक्ती। जांजगीर-चांपा लोकसभा क्षेत्र अंतर्गत विधानसभा मुख्यालय सक्ती से लगे जेठा में 23 अप्रैल को आयोजित पीएम नरेंद्र मोदी की सभा में लगभग एक लाख की भीड़ जुटने का अनुमान है, जहां दोपहर लगभग सवा तीन बजे प्रधानमंत्री मोदी विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके उपरांत वे धमतरी के लिए रवाना होंगे, जहां उनका कार्यक्रम आयोजित है। वित्त मंत्री ओपी चौधरी को सभा संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है।

जांजगीर चांपा लोकसभा क्षेत्र में पीएम मोदी की सभा को लेकर भाजपा के दिग्गज नेताओं ने मोर्चा संभाल लिया है। प्रदेश संगठन के महामंत्री पवन साय सहित लोकसभा क्षेत्र के प्रभारी गौरीशंकर अग्रवाल भी सक्ती मुख्यालय में ही रहकर पूरे कार्यक्रम को सफल बनाने की मॉनीटरिंग कर रहे हैं। जेठा के सभा स्थल में पार्टी के प्रमुख बड़े पदाधिकारियों को पंडाल इत्यादि व्यवस्थाओं की मॉनिटरिंग करने की जिम्मेदारी दी गई है।

प्रधानमंत्री मोदी की सभा को लेकर वर्तमान में पड़ रही भीषण गर्मी को देखते हुए बीजेपी कार्यकर्ताओं के लिए एक लाख की भीड़ जुटाना महज आसान काम नहीं होगा, इसके बावजूद भारतीय जनता पार्टी को पूरी उम्मीद है कि मोदी की सभा में भीड़ तो आएगी ही। मोदी के मंच को भी वातानुकूलित बनाने के साथ-साथ जेठा के सभा स्थल में लाखों रुपये की लागत से रायपुर से बड़ा पंडाल बनाया जा रहा है। उधर जिला और पुलिस प्रशासन ने भी प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर सुरक्षात्मक तैयारियां प्रारंभ कर दी हैं।

Related Articles