रामनवमी पर्व पर सक्ती के श्रीराम मंदिर में होगी विशेष पूजा-अर्चना, धर्म प्रेमियों की आस्था का बड़ा केंद्र है श्रीराम मंदिर

सक्ती। शहर के हटरी से बुधवारी बाजार रोड में स्थित श्री रामचंद्र मारवाड़ी पंचायती मंदिर में रामनवमी पर्व पर विशेष आयोजन को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। शहरवासियों के आस्था का केंद्र, दशकों पुराने इस मंदिर में रामनवमी पर्व पर विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी और आस्थापूर्वक बड़े धूमधाम के साथ यह पर्व मनाया जाएगा।
श्री रामचंद्र मारवाड़ी पंचायती मंदिर में प्रतिदिन नियमित रूप से शाम के समय आरती का कार्यक्रम विगत कई महीनो से चल रहा है, वहीं आरती के समय पूरे मोहल्ले वासी एकत्रित होते हैं। इस वर्ष यहां रामनवमी पर्व को लेकर मंदिर परिसर के बाहर वृहद पंडाल की स्थापना की जा रही है। रामनवमी के दिन विशेष पूजा अर्चना के साथ-साथ भंडारा प्रसाद का भी कार्यक्रम रखा गया है।
श्री रामचंद्र मारवाड़ी पंचायती मंदिर में धर्म प्रेमी नवयुवकों ने बताया कि रामनवमी का पर्व हम सभी के लिए एक गौरवशाली दिवस है तथा इस दिन भगवान श्री रामचंद्र जी की पूजा अर्चना के माध्यम से इस पर्व को मनाया जाएगा। ज्ञात हो कि सक्ती का श्री रामचंद्र मारवाड़ी पंचायती मंदिर दशकों को पुराना मंदिर है तथा शहर वासियों की आस्था का बड़ा केंद्र है। इस मंदिर में वर्तमान में विगत कुछ महीनो से मोहल्ले वासियों द्वारा मंदिर परिसर को व्यवस्थित करने के साथ ही मंदिर में पूजा अर्चना के कार्यक्रम को भी नए स्वरूप प्रदान किया गया है।




