गांव में विकास की गंगा बहाकर लोकतंत्र के मंदिर तक पहुंचने का सपना साकार कर दिखाया नवनिर्वाचित सांसद कमलेश जांगड़े ने

-
संसदीय दल की बैठक में भाग लेने दिल्ली पहुंचकर सक्ती की बेटी ने लोकतंत्र के मंदिर ‘संसद भवन’ को किया दण्डवत प्रणाम
-
कमलेश की पवित्र भावना की हो रही जमकर सराहना
सक्ती। जांजगीर-चांपा संसदीय सीट से नवनिर्वाचित सांसद कमलेश जांगड़े इन दिनों देश की राजधानी दिल्ली में हैं। वो सांसद निर्वाचित होने के बाद भाजपा की नवनिर्वाचित संसदीय दल की बैठक में भाग लेने दिल्ली पहुंची हुई हैं। इस दौरान सांसद श्रीमती जांगड़े ने देश की राजधानी दिल्ली स्थित लोकतंत्र के मंदिर संसद भवन में प्रवेश करने से पहले मुख्य द्वार पर लोकतंत्र के मंदिर के प्रति अपनी अगाध श्रद्धा को प्रदर्शित करते हुए सर्वप्रथम दंडवत प्रणाम किया फिर अंदर प्रवेश किया। इधर नवनिर्वाचित सांसद कमलेश जांगड़े की इस पवित्र भावना की जनमानस में खूब सराहना की जा रही है।
विदित हो कि नवनिर्वाचित सांसद श्रीमती जांगड़े जांजगीर-चांपा लोकसभा क्षेत्र में बेहद लोकप्रिय हैं। उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी को 66000 से भी अधिक मतों से हराया है। नवनिर्वाचित सांसद के बारे में उनके परिजन बताते हैं कि शादी के बाद जब कमलेश अपने ससुराल मसनिया कला आई तो उनके ससुराल वालों ने उनकी प्रतिभा को भांपते हुए उन्हें राजनीति में लाने का निश्चय किया। पति बसंत जांगड़े ने हर कदम उनका साथ दिया व आगे बढने में मदद किया।
इधर ससुराल वालों ने अपनी बहू श्रीमती जांगड़े को गांव की राजनीति में उतारते हुए सामान्य सीट पर सरपंच का चुनाव लड़ाया। जिस पर श्रीमती कमलेश जांगड़े एक नहीं दो-दो बार सरपंच बनी और विकास की गंगा अपने पंचायत में बहाई। सरपंच के रूप में उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए उन्हें तत्कालीन कलेक्टर से सम्मान भी मिला। उसके बाद वे एक मात्र चुनाव जिला पंचायत सदस्य के लड़ी हालांकि उन्हें उस चुनाव में पराजित होना पड़ा था। लेकिन स्थानीय बीजेपी नेताओं की नजर उन पर पड़ी और भाजपा ज्वाइन कराया।
इसके पश्चात श्रीमती जांगड़े एक निष्ठावान सक्रिय महिला कार्यकर्ता के रूप में वो बहुत लंबे समय से पार्टी संगठन के लिए कार्य करती रहीं। उनके परिजन बताते हैं कि सांसद बनने का सपना उन्होंने जिला पंचायत चुनाव में मिली हार के बाद से देखा था। जो जनता जनार्दन के आशीर्वाद तथा भारतीय जनता पार्टी और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सहित राष्ट्र्रीय व प्रदेश स्तर के सभी छोटे बड़े कार्यकर्ताओं की मेहनत व आशीर्वाद से सच हो पाया है। इसी के साथ लोकतंत्र के मंदिर में पहुंचने का सपना भी साकार हो पाया है।
गौरतलब हो कि श्रीमती कमलेश जांगड़े दिल्ली रवाना होने से पूर्व राजधानी रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, विधानसभा अध्यक्ष डा रमन सिंह, प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, लोकसभा प्रभारी गौरीशंकर अग्रवाल सहित तमाम पार्टी पदाधिकारियों से सौजन्य भेंट कर उनसे आशीर्वाद लिया था। छत्तीसगढ़ प्रदेश के जांजगीर- चांपा सीट से पहली बार सांसद बनी श्रीमती जांगड़े क्षेत्र के विकास के लिए पूर्णतया समर्पित होकर कार्य करने की बात कही हैं।




