मातृ शक्ति ने थामा झाड़ू, अखरभाठा पुष्प वाटिका के कायाकल्प में जुटा सिद्ध हनुमान परिवार
स्वच्छता ही सेवा का दिया संदेश, श्रमदान कर गार्डन को संवारने का किया संकल्प



सक्ती। नगर के वार्ड क्रमांक-2 स्थित अखरभाठा पुष्प वाटिका (गार्डन) के संरक्षण एवं सौंदर्यीकरण के लिए श्री सिद्ध हनुमान मंदिर परिवार लगातार सक्रिय है। नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर अग्रवाल की पहल पर नगर पालिका द्वारा जारी लिखित आदेश के तहत गार्डन के संरक्षण एवं रखरखाव की जिम्मेदारी सिद्ध हनुमान मंदिर परिवार को सौंपे जाने के बाद परिवार के सदस्यों ने स्वच्छता अभियान का आगाज कर दिया है।
इसी कड़ी में श्री सिद्ध हनुमान मंदिर परिवार की मातृ शक्ति (महिला मंडल) ने स्वच्छता ही सेवा के संकल्प के साथ अखरभाठा स्थित पुष्प वाटिका में विशेष साफ-सफाई अभियान चलाया। महिलाओं ने स्वयं झाड़ू उठाकर गार्डन के कोने-कोने की सफाई की तथा फैले हुए कचरे, सूखे पत्तों एवं प्लास्टिक अपशिष्ट को एकत्रित कर उसका उचित निपटान किया।
महिलाओं के इस श्रमदान और सेवा भाव को देखकर उपस्थित नागरिकों ने उनकी मुक्त कंठ से सराहना की। मातृ शक्ति ने कहा कि उनका उद्देश्य केवल मंदिर परिसर तक सीमित नहीं है, बल्कि नगर के सार्वजनिक स्थलों को भी स्वच्छ, सुंदर एवं उपयोगी बनाना है। उन्होंने कहा कि पुष्प वाटिका नगर की धरोहर है और इसकी स्वच्छता एवं सुरक्षा हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
अभियान के दौरान महिलाओं ने नगरवासियों से अपील करते हुए कहा कि वे भी स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं, सार्वजनिक स्थलों पर कचरा न फैलाएं तथा पार्कों एवं उद्यानों को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग करें। उनका कहना था कि स्वच्छ वातावरण ही स्वस्थ समाज की पहचान है और आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं हरित वातावरण देना हम सभी का कर्तव्य है।
सिद्ध हनुमान मंदिर परिवार की इस अनुकरणीय पहल की नगरभर में सराहना हो रही है। लोगों का मानना है कि जनभागीदारी से ही सार्वजनिक स्थलों का बेहतर संरक्षण संभव है और ऐसे प्रयास समाज के लिए प्रेरणास्रोत बनते हैं।
प्रमुख रूप से
सुनीता तम्बोली, पुष्पा निर्मलकर, एकल देवांगन, शांति थवाईत, चंदनी देवांगन, सीता तम्बोली, सीता शर्मा, गुनगुन देवांगन, कोंडके मौर्य, अमित तम्बोली, संजय तम्बोली, श्रीकांत शर्मा, गौरव यादव, पप्पू खर्रा, पप्पू गौसेवक सहित बड़ी संख्या में सिद्ध हनुमान मंदिर परिवार के सदस्य एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।




