अग्रसेन जयंती पखवाड़े का शुभारंभ 16 सितम्बर को, हटरी धर्मशाला में होगी भगवान अग्रसेन की पूजा-अर्चना

सक्ती। अग्रवाल सभा, श्री अग्रसेन जयंती समारोह समिति एवं अग्रवाल महिला मंडल शक्ति के संयुक्त तत्वाधान में इस वर्ष 3 अक्टूबर 2024 को मनाए जाने वाले अग्रसेन जयंती के मुख्य समारोह हेतु जयंती पखवाड़े का शुभारंभ 16 सितंबर को सुबह 9:30 बजे हटरी धर्मशाला शक्ति के सभागार में होगा, जहां अग्रबंधुओं द्वारा अग्रकुल प्रवर्तक भगवान अग्रसेन जी की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन कर विधि-विधानपूर्वक पूजा अर्चना की जाएगी। श्री अग्रसेन जयंती समारोह समिति 2024 द्वारा अग्रवाल समाज के बंधुओं, माताओं- बहनों एवं युवा वर्ग को अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आग्रह किया गया है।
अग्रवाल समाज द्वारा हटरी धर्मशाला शक्ति के सामने सुबह 9:15 बजे 16 सितंबर को ही ईद मिलादुन्नबी पर्व पर निकलने वाली जुलूस, शोभा यात्रा का भी स्वागत किया जाएगा तथा सभी बंधुओं को स्वल्पाहार भी कराया जाएगा। गौरतलब रहे कि शहर में प्रतिवर्ष मुस्लिम समाज द्वारा निकाली जाने वाली शोभायात्रा और जुलूस का विभिन्न पर्वों के अवसर पर अग्रवाल समाज द्वारा स्वागत किया जाता है जो हिन्दू मुस्लिम एकता और आपसी भाईचारे का प्रतीक है। अग्रवाल सभा शक्ति के अध्यक्ष श्यामसुंदर अग्रवाल एवं श्री अग्रसेन जयंती समारोह समिति सक्ती के अध्यक्ष राजकुमार अग्रवाल राजू ने सभी अग्र बंधुओ से 16 सितंबर को सुबह 9 बजे हटरी धर्मशाला में पहुंचने का आग्रह किया है।




