छत्तीसगढ़

हनुमान जन्मोत्सव पर भगवा रंग में डूबा रहा खरसिया नगर : शहनाज अख्तर और कुमार विशु को सुनने उमड़ी भक्तों की भीड़

श्री सियाराम सखा मंडल हनुमान सेवा समिति ने किया भव्य आयोजन

विधायक उमेश पटेल, ट्रैफिक एआईजी संजय शर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक पहुंचे बाबा के दरबार

खरसिया। श्री हनुमान जन्मोत्सव के शुभ अवसर पर श्री सियाराम सखा मंडल हनुमान सेवा समिति द्वारा खरसिया नगर में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सुबह निशान यात्रा निकाली गई। 21 हजार पुष्पों से हनुमान जी का महा अभिषेक कर पूजा-अर्चना की गई, साथ ही विशाल भंडारे का आयोजन भी किया गया, जिसमें हजारों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में बाबा का भव्य दरबार सजाया गया। कोलकाता से आए कलाकारों ने लाइट और चॉकलेट फूलों से मंदिर को सजाकर काफी मनमोहक और आकर्षक बना दिया।

कार्यक्रम में अमित अग्रवाल कोरबा, विनय अग्रवाल रायपुर ने बाबा के भजनों से कार्यक्रम का शुभारंभ किया, वही वृंदावन से पधारे पूजनीय परम श्रद्धेय महाराज श्री राजू जी द्वारा महा अभिषेक कराया गया, जिसमे 21 जोड़ो ने 21000 पुष्पों से अभिषेक किया। कार्यक्रम में भगवा रंग की मशहूर गायिका शहनाज अख्तर एवं कभी प्यासे को पानी पिलाया नहीं…कुमार विशु ने भक्तों को भक्तिरस में गोते लगाने को विवश कर दिया। शहनाज अख्तर ने छुम छूम छन न बाजे पंडा कराए रहो पूजा माता है गोरा पिता है महेश भोला नई माने सभी प्रसिद्ध भजन गए, वही कुमार विशु ने भला किसी का कर ना सको, कभी प्यासे को पानी, लोट के आजा हनुमान जैसे भजनों से प्रभु को रिझाया। रात्रि 3 बजे तक भक्त उनके भजनों में झूमते रहे। शहनाज अख्तर ने मनोज गोयल एवं सखा मंडल की पूरी टीम का आभार व्यक्त किया। वही पूरे नगरवासियों ने श्री सियाराम सखा मंडल के द्वारा किए गए इस शानदार आयोजन की काफी प्रशंसा की।

कार्यक्रम में विधायक उमेश पटेल, छत्तीसगढ़ ट्रैफिक एआईजी संजय शर्मा, गिरधर गुप्ता महेश साहू, कमल गर्ग सहित कई गणमान्य नागरिक एवं अधिकारी भी बाबा के दरबार में पहुंचे। विधायक उमेश पटेल ने श्री सिखाराम सखा मंडल के इस आयोजन की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए कहा कि सियाराम सखा मंडल के युवा साथी बड़े धार्मिक आयोजन निरंतर कराते आ रहे हैं। मेरी बहुत बहुत शुभकामनाएं है सभी साथियों को जो धार्मिक कार्यों में अपना योगदान दे रहे हैं।

सहस्त्र घटा अभिषेक एवं पुष्प अर्चना का हुआ भव्य आयोजन

श्री हनुमान मंदिर गंज बाजार खरसिया में हनुमान जन्मोत्सव के अगले दिन 24 अप्रैल को पुष्प अर्चना एवं घटा अभिषेक पूजन आयोजित किया गया, जिसमें 21 जोड़ों के साथ बाबा के अभिषेक का आनंद श्रद्धालु भक्तों ने लिया। इस शुभ अवसर पर श्री धाम वृंदावन से पधारे युवा मनीषी भागवत वक्ता परम श्रद्धेय आचार्य राजू भैया जी के पावन सानिध्य में पूजा अर्चना अभिषेक संपन्न हुआ।

अभिषेक के पश्चात सियाराम सखा मंडल द्वारा विशाल भंडारे के आयोजन किया गया था, जिसमें बड़ी तादाद में माताओं बहनो बड़े बुजुर्गों बच्चों एवं युवाओं ने प्रसाद ग्रहण किया। आचार्य राजू भैया जी द्वारा हनुमान जी के सहस्त्र नामों से 21000 पुष्पों से बाबा का अभिषेक कराया जिसे देख कर भक्तों का मन प्रफुल्लित हो उठा। राजू भैया ने कहा समाज में देखा जा रहा है कि आज के कुछ युवा व्यसन एवं अन्य कुसंगति एवं बुरी आदतों में संलिप्त होकर अपने जीवन मे लक्ष विहीनता की और बढ़ जाते हैं । ऐसे में सियाराम सखा मंडल की युवा टीम ने आध्यात्मिकता की राह चुनकर समाज के युवाओं लिए एक सकारात्मक उदहारण प्रस्तुत किया है।

उन्होंने कहा कि युवाओं की टीम की महीनों की मेहनत से ही सुमधुर भजन संध्या एवं पुष्प अर्चना महोत्सव का दो दिवसीय आयोजन सफल रहा एवं निर्विघ्न संपन्न हुआ। उन्होंने श्री हनुमान सेवा समिति एवं श्री सियाराम सखा मंडल की युवा समिति को बहुत बहुत बधाई दी एवं वृंदावन आने के लिए आमंत्रित किया।

Related Articles