गौ सेवा समिति एवं यातायात विभाग की संयुक्त पहल : सड़क दुर्घटना से बचाने गौ वंशों को लगाया जा रहा रेडियम बेल्ट

सक्ती। मुख्य मार्गों में घुमंतु पशुओं एवं गौवंशों को सड़क दुर्घटना से बचाने के लिए गौ सेवा समिति एवं यातायात विभाग की संयुक्त पहल पर अभियान चलाकर उन्हें रेडियम बेल्ट बांधा गया। रेडियम रिफ्लेक्टिव बेल्ट लगाने से सड़कों पर इनके बैठने या खड़े रहने से रात में वाहन चालकों को दूर से पशुओं के होने का आभास हो जाता है और सड़क दुर्घटनाओं की संभावना न्यूनतम हो जाती है, जिससे इन पशुओं को नुकसान भी नहीं पहुंचता।
गौ सेवा समिति सक्ती के संस्थापक मयंक सिंह ने बताया कि गौ सेवा समिति को यातायात विभाग की ओर रेडियम बेल्ट उपलब्ध कराने की बात कही गई थी। यातायात विभाग और टीम की की सराहनीय पहल पर गोवंशों को रेडियम बेल्ट लगाने का अभियान जारी है। इसी क्रम में सोंठी से टेमर तक गोवंशों को रेडियम बेल्ट बांधा गया। जिला यातायात प्रभारी कमल किशोर महतो, दीपक अग्रवाल समेत उनकी टीम को साधुवाद ज्ञापित करते हुए उन्होंने बताया कि अब तक उनके द्वारा गौवंशों के लिए सैकड़़ों रेडियम बेल्ट उपलब्ध कराए गए हैं।
मयंक सिंह ने बताया कि विगत दिनों बेरीवाली मंदिर मार्ग में भी गौ सेवको के द्वारा 50 से अधिक गौ वंशो को रेडियम बेल्ट बांधा गया था। यातायात प्रभारी कमल किशोर महतो ने समिति के इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा करते हुए गोवंशों को दुर्घटनाओं से बचाने भविष्य भी और भी रेडियम बेल्ट उपलब्ध कराने की बात कही।
गौ सेवा समिति के उपाध्यक्ष अनुराग चौबे ने अपील की है कि कम से कम एक रेडियम बेल्ट (रक्षा कवच) गौवंशो को बांध कर उन्हें रोड में होने वाले दुर्घटनाओं से बचाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि रात में गौवंशों के दुर्घटनाग्रस्त होने के मामले ज्यादातर प्रकाश में आते हैं। तेज रफ्तार वाहन चालक मार्ग में खड़े इन गोवंशों की को देख नहीं पाने या वाहन पर नियंत्रण नहीं होने से सड़क दुर्घटनाएं होती हैं। रेडियम बेल्ट बांधकर हम गौमाता को सुरक्षित कर सकते हैं, जिससे सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश भी लगेगा। आपका छोटा सा योगदान गौवंश को सुरक्षित रख सकता है।
गौ सेवा समिति के सदस्यों ने अपील की है कि अपने पशुओं को सड़कों पर खुला ना छोडं़े, रेडियम बेल्ट लगाने में सहयोग करें एवं आमजनों से पशुओं को लगाए गए रेडियम बेल्ट एवं स्टीकर को न छेडऩे का आग्रह भी किया गया है।




