…पार्षद हो तो ऐसा, पार्षद नंबर 1…रिक्की सेवक का जुनून: नहीं रहने देंगे किसी को प्यासा, वार्ड क्र. 15 में टैंकरों से पानी सप्लाई का उठाया बीड़ा

सच्चे अर्थों में जनप्रतिनिधि होने का दायित्व निभा रहे पार्षद रिक्की सेवक की वार्डवासियों द्वारा जमकर की जा रही प्रशंसा
सक्ती। सक्तीनगर में इन दिनों पानी के लिए हाहाकार मचा हुआ है। चारों ओर पानी को लेकर त्राहि-त्राहि मच गई है। गर्मी बढऩे के साथ ही जून के पहले पखवाड़े में ही जल संकट ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। भीषण गर्मी में प्राकृतिक जल स्रोत के सूखने और नलों से पानी की सप्लाई में कमी से नगरवासी बेहाल हैं। गांव के हैंडपंप हवा फेंक रहे हैं। ऐसे हालात में लोगों की प्यास बुझाने और पानी बांटने का बीड़ा उठाया है वार्ड नंबर 15 के जुझारू पार्षद रिक्की सेवक ने। अपने वार्ड के निवासियों के लिए पानी टैंकर की व्यवस्था करनी हो, पानी की सप्लाई हो या पानी टैंकर को विभिन्न वार्डों तक पहुंचाने का काम हो, सबका बीड़ा उठाया है पार्षद रिक्की सेवक ने। उनके द्वारा आवश्यकतानुरूप अन्य वार्डों में भी टैंकरों के माध्यम से पानी की सप्लाई की जा रही है।
भीषण गर्मी में जल स्रोत सूखने से सक्तीनगर एवं आसपास के ग्रामीण इलाकों में दिन -ब- दिन पानी का संकट गहराने लगा है, जिससे लोगों की परेशानी बढऩे लगी है। पानी नहीं मिलने से लोग दूर-दूर से पानी ढोने को मजबूर हैं। हालांकि विभाग की ओर से यथासंभव जल संकट ग्रस्त क्षेत्रों में टैंकर से पानी बांटा जा रहा है, लेकिन ऊॅंट के मुंह में जीरा की भांति टैंकर का पानी पर्याप्त नहीं होने से लोगों की मुश्किलें कम नहीं हो पा रही है। पीने के पानी समेत पालतू मवेशियों के लिए पानी की व्यवस्था करने में लोगों के पसीने छूट रहे हैं। नगर से सटे इलाकों में भी लोगों को पानी नहीं मिल पा रहा है। ऐसे हालात में वार्ड क्र. 15 के पार्षद रिक्की सेवक स्वयं कई टैंकरों में पानी भरकर वार्ड क्र. 15 में पानी की सप्लाई कर सच्चे अर्थों में जनप्रतिनिधि होने का दायित्व निभा रहे हैं। पार्षद रिक्की सेवक सुबह 5 बजे से ही इस कार्य में जुट जाते हैं। बिना थके, बिना रूके दिन भर में लगभग 11 टैंकर पानी की सप्लाई उनके द्वारा की जा रही है। पार्षद रिक्की सेवक की इस सराहनीय कथा का अंत यहीं नहीं होता, जब वे पानी टैंकर लेकर अपने वार्ड तक पहुंचते हैं तो टुल्लू पंप की सुविधा भी उपलब्ध कराते हैं, ताकि टैंकर से पानी लोगों की टंकियों तक जल्दी और आसानी से पहुंचे सके।
रिक्की सेवक आगे बढ़ो…हम तुम्हारे साथ हैं
वार्ड क्र. 15 के जुझारू पार्षद रिक्की सेवक की इस मानवीय पहल की वार्डवासी जमकर प्रशंसा कर रहे हैं। जब पानी टैंकर को किसी वार्ड में पहुंचाना होता है और टैंकर चालक नहीं मिल पाता तो भी वे ड्राइविंग करते पानी टैंकर लेकर यथासंभव दूसरे वार्डों में भी पहुंचकर लोगों के लिए पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराने से नहीं हिचकते। लगभग 11 टैंकरों के माध्यम से वार्ड में पानी उपलब्ध कराने का काम इतना सहज नहीं। आए दिन पानी टैंकरों के खराब हो जाने या टैंकरों के पहिये के पंक्चर हो जाने पर उनके मिशन में रूकावट अवश्य आती है, लेकिन उनका हौसला कम नहीं होता, क्योंकि वार्डवासी भी उनकी हौसला अफजाई करने से पीछे नहीं हटते और यथासंभव उनकी मदद कर उनके इस मानवीय पहल को सार्थक करने में अहम रोल अदा करते हैं। कुल मिलाकर कहा जाए तो वार्डवासियों की एकजुटता और रिक्की सेवक जैसे जुझारू और कर्मठ पार्षद की भलमनसाहत के कारण वार्ड क्र. 15 के निवासियों को भीषण गर्मी में पेयजल संकट से निजात मिलने लगी है।
पार्षद रिक्की सेवक का कहना है कि गर्मी में वार्डवासियों को जलसंकट से निजात दिलाने के लिए उन्होंने कमर कस लिया है। उनकी ओर से हर रोज अलसुबह 5 बजे से ही टैंकरों से लोगों को राहत देने का काम प्रारंभ कर दिया जाता है। यह क्रम दिनभर अनवरत चलता रहा है। पार्षद रिक्की सेवक का कहना है कि जब लोगों की प्यास बुझती है तो उन्हें भी संतुष्टि मिलती है। वार्डवासियों द्वारा उनके इस मानवीय पहल की जमकर प्रशंसा की जा रही है, इसलिए विभिन्न वार्डों में लोगों के बीच यह चर्चा आम हो चली है कि…पार्षद हो तो ऐसा…पार्षद नंबर 1..रिक्की सेवक।




