छत्तीसगढ़

राम जानकी मंदिर का हुआ भव्य उद्घाटन, पूजा-अनुष्ठान के साथ हुई मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा

सक्ती। सिद्ध दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर श्री राम धाम ग्राम कुलीपोटा में श्री राम जानकी प्राण प्रतिष्ठा अनुष्ठान के साथ आज मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा पूरी हुई। सुबह लगभग 10.35 बजे प्रारंभ होकर प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम 11.55 बजे संपन्न हुआ। सक्ती से पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर अग्रवाल, अग्रवाल सभा अध्यक्ष आनंद अग्रवाल, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष नरेश अग्रवाल, छत्तीसगढ़ जनर्लिज्म वेलफेयर यूनियन जिला इकाई सक्ती के जिलाध्यक्ष रमेश अग्रवाल, कन्हैया गोयल, अमर अग्रवाल, मोहन अग्रवाल, राहुल अग्रवाल, मनीष कथुरिया सहित दूर-दूर से पहुंचे श्रद्धालु प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में शामिल हुए। भव्य पूजा अनुष्ठान के साथ रामजानकी मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा की गई। 4 बजे तक पूर्णाहुति, महा आरती, प्रसाद, ब्राह्मण भोज उपरांत भंडारा व भजन कार्यक्रम होगा।

क्या होती है प्राण प्रतिष्ठा?

प्राण प्रतिष्ठा का मतलब होता है जीवन देना। हिंदू धर्म में जब भी किसी पूजा स्थल पर मूर्ति को स्थापित किया जाता है तो प्राण प्रतिष्ठा के बिना उसकी पूजा नहीं की जाती। मान्यता है कि प्राण प्रतिष्ठा से देवी-देवता उस मूर्ति में साक्षात अवतरित हो जाते हैं या आसान शब्दों में कहें तो मूर्ति में प्राण आ जाते हैं और वो पूजनीय हो जाती है।

सेवादार खेमुका परिवार के विष्णु खेमुका ने बताया ब्रह्मलीन श्री एकरसानंद सरस्वती महाराज का आशीर्वाद इस पुण्य कार्य में बरस रहा है। गुरुदेव गोस्वामी गोविंद बाबा जी, स्वामी यदुनंदन महाराज, आचार्य पवन कृष्ण महाराज, गुरुदेव नित्यानंद महाराज के सानिध्य में श्री राम जानकी प्रतिमा का प्राण प्रतिष्ठा अनुष्ठान महोत्सव किया जा रहा है। विदित हो कि कुलीपोटा में लगभग 37 वर्ष पूर्व सिद्ध श्री हनुमान मंदिर बनाया गया था। मंदिर में तब से हर वर्ष राम नवमी से श्री हनुमान जयंती तक श्री राम नाम अखंड सप्ताह आयोजित होते रहा है। विष्णु खेमुका ने बताया कि मंदिर में कुछ ऐसे संयोग व चमत्कारिक घटनाएँ हुई जिससे प्रभु श्री राम जानकी की प्राण प्रतिष्ठा का मंदिर के विस्तार के साथ योग बना। गर्भ गृह से बजरंग बली की प्रतिमा को विस्थापित किए बगैर नये रूप में सुसज्जित किया गया है। साथ ही मंदिर परिसर का विस्तार किया गया है।

Related Articles