छत्तीसगढ़

बाबूलाल बर्तन दुकान के सामने हादसे को न्योता, तार के सहारे टिका बिजली का खंभा; 15 दिनों से शिकायत के बाद भी विद्युत विभाग बेपरवाह



सक्ती। नगर के सबसे व्यस्त मार्गों में शामिल हटरी हॉस्पिटल रोड स्थित बाबूलाल बर्तन दुकान के सामने बिजली का एक खंभा पूरी तरह झुककर केवल तारों के सहारे टिका हुआ है। यह स्थिति कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है, लेकिन विद्युत विभाग की उदासीनता के चलते अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है।

स्थानीय लोगों के अनुसार पिछले करीब 15 दिनों से विद्युत विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को इसकी जानकारी लगातार दी जा रही है। वार्ड पार्षद सहित मोहल्लेवासियों ने कई बार शिकायत की, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिला। मौके पर न तो खंभे को बदला गया और न ही उसे सुरक्षित करने का कोई प्रयास किया गया।

हटरी हॉस्पिटल रोड शहर का अत्यंत व्यस्त मार्ग है, जहां प्रतिदिन हजारों लोगों का आवागमन होता है। सड़क के दोनों ओर दुकानें, मकान और व्यावसायिक प्रतिष्ठान हैं। ऐसे में यदि यह खंभा अचानक गिरता है तो राहगीरों, दुकानदारों और आसपास के लोगों की जान खतरे में पड़ सकती है तथा बड़ा आर्थिक नुकसान भी हो सकता है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि विद्युत विभाग किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार करता नजर आ रहा है। लोगों ने जिला प्रशासन और विद्युत विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से तत्काल संज्ञान लेकर खंभे को बदलने अथवा सुरक्षित करने की मांग की है।

मोहल्लेवासियों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई और कोई अप्रिय घटना घटित होती है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी विद्युत विभाग और संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों की होगी। लोगों ने चेतावनी दी है कि जल्द समाधान नहीं होने पर जनहित में आंदोलन करने के लिए भी मजबूर होना पड़ेगा।

Related Articles