छत्तीसगढ़

स्थायी वाहन स्टैंड के अभाव में सड़क पर खड़े किए जा रहे वाहन, रोज होता है ट्रैफिक जाम : वाहनों की भी हो रही चोरियां, लेकिन अब तक नहीं दिया जा रहा ध्यान

सक्ती। जिला तहसील कार्यालय के बगल में मेन रोड पर आए दिन दुपहिया वाहन चालकों द्वारा अपने वाहनों को यहां बेतरतीब और गैर जिम्मेदाराना ढंग से खड़ा कर दिए जाने के चलते आवागमन बाधित हो जाता है और राहगीरों को आने जाने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। कई बार इस स्थान से गाडिय़ों की चोरियां भी हो रही हैं, बावजूद इसके यातायात विभाग का ध्यान इस ओर अब तक नहीं जाने से समस्या बरकरार है और आए दिन जाम की स्थिति भी निर्मित हो रही है।

उल्लेखनीय है कि इसी मार्ग के आगे एम एल जैन हायर सेकेंडरी स्कूल विद्यालय संचालित है और इसके आगे ऑफिसर कॉलोनी भी है, जहां से दिन भर लोगों का आना-जाना लगा रहता है। थाने के समीप अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, तहसील कार्यालय, न्यायालय, जनपद पंचायत कार्यालय संचालित है जिससे कार्यालयीन समय के अलावा दिन भर इस मार्ग से दिन भर आवाजाही बनी रहती है, परंतु स्थाई वाहन स्टैंड नहीं होने के कारण लोग यहां बेतरतीब ढंग से अपने वाहनों को खड़ा कर चले जाते हैं। कई बार यहां से दुपहिया वाहनों की चोरियां भी हो चुकी हैं। यहीं पर यातायात विभाग का कार्यालय भी संचालित है बावजूद इसके अब तक चुप्पी साधे रहना समझ से परे है जिसके कारण समस्या जस की तस बनी हुई है।

सक्ती जिला बनने के बाद से स्थानीय रहवासियों द्वारा लगातार यहां स्थायी स्टैंड पार्किंग की मांग की जाती रही है, लेकिन इस ओर अब तक ध्यान नहीं दिया गया है, जिससे आए दिन यहां जाम की स्थिति निर्मित हो रही है और लोग हलाकान हो रहे हैं।

Related Articles