डॉ. महंत का गढ़ हुआ भगवामय, घरों में लगाए गए भाजपा के झंडे, प्रचार-प्रसार में भाजपाइयों से पिछड़ रहे कांग्रेसी

भाजपा नगर मंडल का बूथ विजय अभियान प्रारंभ
सक्ती। नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत का गढ़ माने जाने वाले सक्ती जिले में इन दिनों जहां भाजपा नगर मंडल के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने बूथ विजय अभियान का आगाज कर दिया है, वहीं अब तक कांग्रेस प्रचार-प्रसार में पिछड़ी हुई है। भाजपा के कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने घरों में झंडे लगा दिए हैं, जिससे महंत का कांग्रेसी गढ़ भगवामय नजर आने लगा है।
2024 के चुनावी रण में बीजेपी ने न केवल अपने गठबंधन को लेकर 400 पार का टारगेट सेट किया है, बल्कि इसे हासिल करने के लिए लगातार धार देने जुटी है। पार्टी इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए पूरे जोश में नजर आ रही है। जहां बीजेपी पहले से मजबूत है उसके मुकाबले पार्टी वहां खास फोकस कर रही है जहां उन्हें बड़ी कामयाबी के आसार नजर आ रहे हैं।
लोकसभा चुनाव के लिए अब भाजपा ने पूरी तरह से कमर कस लिया है। जांजगीर-चांपा लोकसभा सीट की बात करें तो यहां भाजपा प्रत्याशी के नाम का ऐलान होने के बाद श्रीमती कमलेश जांगड़े के नेतृत्व में प्रचार अभियान पूरे जोश और उत्साह के साथ चल रहा है। इसी क्रम में भाजपा नगर मंडल के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों ने आज घरों-घर भाजपा के झण्डे भी गाड़ दिए, लेकिन दूसरी ओर, कांग्रेस की चुनावी प्लानिंग पर नजर डालें तो अब तक उनकी ओर से जोरदार प्रचार करना भूल जाइए, कांग्रेस का गढ़ माने जाने वाले सक्ती नगर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं में कोई खास उत्साह नजर नहीं आ रहा है। लोगों का कहना है कि कांग्रेस प्रचार-प्रसार में अब तक भाजपा से पिछड़ी हुई है।
विदित रहे कि भारतीय जनता पार्टी प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर 30 मार्च को प्रदेश भर में भाजपा झंडा को बूथ स्तर पर लगाए जाने हेतु बूथ विजय अभियान चलाया गया जिसमें उस क्षेत्र में निवासरत प्रत्येक भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भाजपा के मंत्री, विधायक, जिला पंचायत सदस्य,जनपद सदस्य पार्षदों के द्वारा पूरे छत्तीसगढ़ में भाजपा के झंडे लगाए गए।
इसी तारतम्य में सक्ती जिले के विधानसभा सक्ती में भी नगर पालिका क्षेत्र अंतर्गत 1 से लेकर 18 वार्डों में बूथ विजय अभियान के तहत बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं के द्वारा घरों में भाजपा का झंडा लगाया गया। झंडा लगाने में नगर के भाजपा के कार्यकर्ताओ ने अहम भूमिका निभाई।




