छत्तीसगढ़

मां दुर्गा की भक्ति में डूबे श्रद्धालु, बुधवारी बाजार सक्ती में 8 अक्टूबर को होगा ‘माई का जगराता’

सक्ती। नवरात्र को लेकर भक्तों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। सुबह से ही मां की प्रतिमाओं की पूजा-अर्चना व मंत्रोच्चारण का क्रम जारी है। पंडालों में प्रतिदिन शाम को संध्या आरती की जा रही है। आरती के दौरान सभी पंडालों में आसपास के श्रद्धालु उमड़ रहे हैं। इसी क्रम में स्टार दुर्गा उत्सव समिति द्वारा गुरूद्वारा के पास, बुधवारी बाजार सक्ती में 8 अक्टूबर को सायं 7.15 बजे से माई का जगराता कार्यक्रम आयोजित किया गया है, जिसमें स्टार भजन गायकों द्वारा दैवीय भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी।

रंगबिरंगी लाइटों से जगमगाया शहर

सक्ती में जगह-जगह पंडालों को बहुत ही भव्य तरीके से सजाया गया है। यह रंग-बिरंगी लाइटों से जगमगा रहे हैं। पंडालों के आसपास 500 मीटर दूर तक साज-सज्जा की गई है। स्टार दुर्गा उत्सव समिति द्वारा भी गुरूद्वारा के पास, बुधवारी बाजार, सक्ती में स्टार दुर्गा पंडाल को भव्य रूप प्रदान किया गया है। शहर का यह सबसे बड़ा दुर्गा पंडाल है, जिसकी सुंदरता देखते बन रही है। यह सजावट बच्चों ही नहीं बड़ों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। नवरात्र में प्रतिदिन सभी पंडाल भजनों के स्वर और भक्तों के जयकारों से गूंज रहे हैं। यहां स्टार दुर्गा उत्सव समिति द्वारा 8 अक्टूबर को आयोजित ‘माई का जगराता’ कार्यक्रम में कोलकाता से चेतन जायसवाल, दिल्ली से अभिषेक चौधरी, बबलू म्यूजिशियन व सक्ती से विक्की सिंघल जैसे स्टार भजन गायकों द्वारा एक से बढक़र एक दैवीय भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी। भजनों की प्रस्तुति देंगे। जगराता में होने वाले भजन-कीर्तन में भक्त झूमते नजर आएंगे।

Related Articles