सक्ती की चौपाटी से अपहृत सीएचओ को बिलासपुर के ओयो से बॉयफ्रैंड के साथ साइबर सेल की टीम ने किया बरामद : 15 लाख की मांगी गई थी फिरौती, नहीं दिए जाने पर हत्या की मिली थी धमकी

-
4 घंटे के अंदर मामले को सुलझाया सक्ती पुलिस ने
-
एसपी अंकिता शर्मा के दिशा निर्देशन में मिली सफलता
सक्ती। सरायपाली के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ सीएचओ के सनसनीखेज अपहरण के बाद पुलिस अधीक्षिका सुश्री अंकिता शर्मा के दिशा निर्देशन में आज अपहृत महिला को सकुशल बरामद कर लिया गया है। देर शाम साइबर सेल बिलासपुर की टीम ने सीएचओ को एक उसके मित्र के साथ बिलासपुर के ओयो से बरामद कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार शहर के चौपाटी के पास आज सीएचओ के पद पर पदस्थ अनुपमा जलतारे, 26 वर्ष का अपहरण कर लिया गया। अपहरण की जानकारी सीएचओ के पिता रामनाथ जलतारे निवासी चिस्दा के द्वारा लिखित में सक्ती थाने में दी गई। अपहृत महिला के पिता रामनाथ जलतारे ने बताया कि उसकी पुत्री सराईपाली, सक्ती में सीएचओ के पद पर पदस्थ है। वह अपने भाई डकेश्वर के साथ फल खरीदने चौपाटी गई थी, जहां से लगभग 7.30 बजे वह लापता हो गई।
अपहृत सीएचओ के पिता ने बताया कि रात लगभग 9.38 बजे उसकी पुत्री के मोबाइल से किसी ने उसके पुत्र (अपहृत महिला के भाई) कलेश्वर जलतारे को कॉल करके 15 लाख रूपये की फिरौती मांगी और तय समय पर फिरौती की रकम नहीं दिए जाने पर गाली-गलौज करते हुए अपहृत सीएचओ को मौत के घाट उतार देने की चेतावनी भी दी गई। सीएचओ के पिता रामनाथ जलतारे की रिपोर्ट पर सक्ती पुलिस अपराध क्रमांक 265/202, धारा 364 (ए) भादवि के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की।
जिले में घटित इस सनसनीखेज वारदात ने जहां पुलिस की नींद उड़ा दी वहीं जिले की एसपी अंकिता शर्मा के दिशा निर्देशन में मामले को जल्द सुलझाने सायबर सेल प्रभारी एवं सक्ती पुलिस की चार टीमों का गठन कर डिजिटल व मैनुअल आधार पर सक्ती सहित आसपास के अन्य जिले बिलासपुर व कोरबा ओर रवाना किया गया। पुलिस ने युवती के कॉल डिटेल और मोबाइल लोकेशन की जांच की. जांच में युवती की लोकेशन बिलासपुर में मिली। जब पुलिस टीम बिलासपुर पहुंची तो वह अपने प्रेमी के साथ मिली. पुलिस ने युवती को सकुशल बरामद कर लिया है। बता दें कि CHO के भाई और किडनैपर्स के बीच बातचीत का एक ऑडियो भी वायरल हो रहा है जिसमे अपहरणकर्ता महिला को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक समाचार लिखे जाने तक बिलासपुर साइबर सेल की टीम ने अपहृत सीएचओ अनुपमा जलतारे को बिलासपुर स्थित ओयो से उसके एक मित्र के साथ बरामद कर लिया है। फिलहाल सीएचओ अनुपमा जलतारे को लेकर पुलिस की टीम सक्ती के लिए रवाना हो गई है। सक्ती पुलिस द्वारा मामले में सभी पहलुओं पर गंभीरता से विवेचना की जा रही है।




