मां महामाया देवी मंदिर में उमड़ रही माता के भक्तों की भीड़, पूजा पंडालों में चहुंओर बह रही भक्ति की मंदाकिनी

सक्ती। शारदीय नवरात्रि के पांचवें दिन भक्तों ने मां के स्कंदमाता स्वरूप की पूजा अर्चना की। भक्त फूलों से सजी पूजा की थाली, नारियल, श्रृंगार का सामान और धूप लिए महामाया देवी मंदिर में मां का दर्शन करने पहुंचे, जहां मां का भव्य रूप से श्रृंगार किया गया। यहां मंदिर में दुर्गा सप्तशती के पाठ के साथ माता दुर्गा व अन्य देवी देवताओं के गीत हर जगह गूंज रहे हैं। इससे नगर में उल्लास का वातावरण निर्मित हो गया है।

सक्ती जिले में घर से लेकर दुर्गा मंदिर व पूजा पंडालों में चहुंओर भक्ति की मंदाकिनी बह रही है। पूजा पंडालों, मंदिरों एवं घरों में माता की आराधना के पश्चात श्रद्धालुओं ने धन- धान्य, सुख-समृद्धि एवं आत्मिक शांति के लिए मन्नतें मांगी। देर शाम दीप जलाने के लिए भक्तों का तांता शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों के मंदिरों में लगा रहा। सक्ती वासियों की आस्था का केंद्र मां महामाया देवी मंदिर में दिन भर भक्तों की भीड़ उमड़ रही है, जहां भक्तों द्वारा मातारानी का कीर्तन भजन किया जा रहा है। मंदिर पहुंचकर श्रद्धालु माता के दरबार में दीप जलाकर, आरती करके मां से भक्त मनोकामना की पूर्ति के लिए प्रार्थना कर रहे हैं, वहीं सभी देवी मंदिर दीपों से जगमगाने लगे हैं।
मां महामाया देवी मंदिर के पुजारी ने बताया कि मां भगवती के पाचवें स्वरूप स्कंदमाता की पूजा से उत्तम फल की प्राप्ति होती है। इस दिन सफ़ेद रंग पहनना शुभ माना जाता है. सफ़ेद रंग पवित्रता, शांति, और मासूमियत का प्रतीक है। माना जाता है कि सफ़ेद रंग पहनने से मन और आत्मा शुद्ध होती है। पुजारी ने बताया कि सक्ती जिला मुख्यालय से गुजरने वाले लगभग हर लोग यहां आते हैं और मां का दर्शन पूजन करने के बाद ही अपना आगे का कार्य करते हैं। प्रतिदिन मा महामाया मंदिर में निःशुल्क शाम के समय भंडारा का आयोजन मंदिर समिति के द्वारा किया जाता है जिसमें टिफिन सुविधा भी उपलब्ध रहती है जिसका सहयोग शुल्क 100 रखा गया है।
श्रद्धालुओं ने नवरात्र के पांचवें दिन व्रत रखकर मंदिरों में मां भगवती के दर्शन किए और पूजा अनुष्ठान में हिस्सा लिया, जहां माता रानी को नारियल, चुन्नी, श्रृंगार का सामान, फूल और रोली आदि अर्पित किए गए। इस दौरान मंदिरों समेत अन्य पूजा स्थलों पर या देवी सर्वभूतेषु: के उच्चारण से वातावरण भक्तिमय हो गया। मंदिरों में गूंजते दुर्गा माता के कर्णप्रिय भजनों ने माहौल को भक्तिमय बना दिया है।
मां महामाया देवी मंदिर के अलावा सक्ती के तमाम देवी मंदिरों में नवरात्रि के पहले दिन से ही भक्तों की भीड़ देखी जा रही है। सभी देवी मंदिरों में ज्योति कलश प्रज्जवलित किए गए हैं।
शहर में गरबा-डांडिया की धूम
नवरात्र के साथ-साथ गरबा की शुरुआत हो रही है। पूजा समितियां इस बार गरबा नृत्य का आयोजन कर रही हैं। इसके अलावा समाज की ओर से भी गरबा का आयोजन किया गया है। गरबा को लेकर श्रद्धालुओं में काफी उत्साह देखा जा रहा है।




