तेज रफ़्तार मारुती स्विफ्ट कार की ठोकर से गोवंश बुरी तरह घायल, गौ सेवा समिति की मानवीय पहल से गोवंश की हालत पहले से बेहतर

आरोपी वाहन चालक के विरुद्ध गौ सेवा समिति थाने में करेगी शिकायत
सक्ती. बीती रात एक लाल रंग की मारुति स्विफ्ट कार चालक ने तेजी और लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए एक गोवंश को जबरदस्त ठोकर मार दी. इस हृदयविदारक घटना में वाहन की चपेट में आया गोवंश दो बार पलटी खाते हुए दूर जा गिरा और बुरी तरह जख्मी हो गया. प्रत्यक्ष दर्शियों के मुताबिक वाहन चालक सक्ती जिले का ही निवासी है. हादसे में घायल गोवंश की हालत को देखते हुए भी निर्दयी वाहन चालक का दिल नहीं पसीजा और इंसानियत को शर्मशार करते हुए वह वाहन समेत मौके से फरार हो गया.
उक्त घटना रात 8 से 8:30 बजे के बीच की है. प्रत्यक्ष दर्शियों ने बताया कि जैसे ही हादसे की खबर गौ सेवकों तक पहुंची , वे तत्काल सक्रिय हो गए.. खरसिया से अर्जुन ने तो सक्ती और आसपास से पशु प्रेमी और गौ सेवा समिति के सदस्य, जो जहा थे, जिस हाल में थे, तत्काल घटना स्थल के लिए रवाना हो गए. मौके पर पहुंचकर सबने मिलकर गोवंश का उपचार कराया. फिलहाल गोवंश की हालत पहले से बेहतर बताई जा रही है.
घटना स्थल पर मौजूद लोगो ने आक्रोशित लहजे में कहा कि आरोपी वाहन चालक के विरुद्ध सख्त से सख्त कार्रवाई होनी चाहिए. गौसेवा समिति के सदस्यों की मांग है की आरोपी कार चालक के विरुद्ध पशु क्रूरता अधिनियम के तहत कार्रवाई होनी चाहिए, उसे किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाना चाहिए.
भगवान् की आँखों से कोई बच नहीं पायेगा… कोई बच नहीं पायेगा…
घटना स्थल पर मौजूद पशु प्रेमियों ने एक जुमला ” भगवान् की आँखों से कोई बच नहीं पायेगा… कोई बच नहीं पायेगा… ” सुनाते हुए कहा कि मूक पशुओं को ठोकर मारकर फरार हो जाना इंसान के हाथ में है लेकिन अपराधी का भगवान् की नज़रों से बच पाना नामुमकिन है. गौ सेवा समिति ने अपील की है कि जाने अनजाने में यदि ऐसे हादसे हो जाते हैं तो घटना स्थल पर रूककर घायल पशुओं की मदद कर मानवता का परिचय देवें. क्योंकि मूक पशु अपनी पीड़ा इंसान की तरह बोलकर व्यक्त नहीं कर सकते और इंसान होकर भी हम इंसानियत का परिचय न दें तो इंसान और पशु में क्या अंतर रह जायेगा?




