छत्तीसगढ़

कांग्रेस नेता ने ही कांग्रेस प्रत्याशी के पिछडऩे का लगाया अनुमान, सोशल मीडिया पर पोस्ट कर मचा दी खलबली

पार्टी प्रवक्ता ने गलत ठहराते हुए हाईकमान से शिकायत करने की कही बात

सक्ती। छत्तीसगढ़ में चुनावी सरगर्मी के बीच जांजगीर चांपा में एक वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने ही कांग्रेस प्रत्याशी के पिछडऩे का अनुमान लगाते हुए अपनी बात सोशल मीडिया पर पोस्ट कर पार्टी में खलबली मची दी है। एक ओर जहां पोस्ट को पार्टी प्रवक्ता समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने अनुशासनहीनता करार देते हुए गलत ठहराया है, वहीं इसकी शिकायत हाईकमान तक किए जाने की बात भी कही है।

दरअसल, जांजगीर के जिला पंचायत अध्यक्ष पति यशवंत चंद्रा ने अपने फेसबुक में एक पोस्ट लिखा है. जिसमें लिखा है कि, ‘मुझे लगता है कि लोकसभा सीट जांजगीर पर 2 लाख से अधिक वोटों से डहरिया जी पीछे रहेंगे. आपका क्या अनुमान है?’ कांग्रेस नेता के इस पोस्ट ने पार्टी में खलबली मचा दी है. वहीं, इस मामले में कांग्रेस प्रवक्ता रमेश पैगवार का बयान सामने आया है. रमेश पैगवार ने इस पोस्ट को पार्टी के विरुद्ध बताते हुए गलत ठहराया है. साथ ही हाईकमान से इसकी शिकायत करने की बात कही है.

जांजगीर विधायक ब्यास कश्यप का कहना है कि ये पार्टी के प्रति अनुशासन हीनता है. पार्टी में रहना है तो अनुशासन से रहो, वरना सब जा रहे हैं, चले जाएं कोई फर्क नहीं पड़ता. इस प्रकार के पोस्ट से हमारे प्रत्याशी की जीत में कोई फर्क नहीं पड़ता. वो जीत रहे हैं पार्टी को इस पर कड़ी कार्रवाई करनी होगी, तभी कांग्रेस पार्टी बच पाएगी.

उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ में इन दिनों कांग्रेस के कई नेता पार्टी छोड़ भाजपा में शामिल हो गए हैं. इस बीच पार्टी के बीच का अंतर्कलह भी गाहे-बगाहे सामने आ रहा है. उस पर कांग्रेस नेता का पार्टी के ही विरोध में ये पोस्ट काफी सुर्खियां बटोर रहा है.

Related Articles