गृहमंत्री अमित शाह के भाषण में छेड़छाड़ करने वालों के विरूद्ध लोकसभा प्रत्याशी कमलेश जांगड़े के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने जांजगीर थाने में कराई शिकायत दर्ज

जांजगीर-चांपा। गृह मंत्री अमित शाह के भाषण के साथ छेड़छाड़ करने वालों के ख़िलाफ़ भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता लोकसभा प्रत्याशी श्रीमती कमलेश जांगड़े के नेतृत्व में रिपोर्ट दर्ज कराने थाना जांजगीर पहुँचे।
भाजपा कार्यकर्ताओं का कहना है कि चुनाव प्रचार के दौरान अमित शाह के मूल भाषण को कूटरचना कर उसको सोशल मीडिया में वायरल कर चुनाव को प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है। अमित शाह आरक्षण के विषय पर यह बोल रहे थे कि देश में अनुसूचित जाति अनुसूचित जनजाति एवं पिछड़ा वर्ग को जिस तरह आरक्षण पहले दिया जा रहा था वैसे ही भाजपा की केन्द्र में सरकार बनने के बाद हम देंगे। विगत दिनो अमित शाह के मूल भाषण को कूटरचना कर जिस भाषण को सोशल मीडिया पर वायरल किया गया है वो शत प्रतिशत झूठा व गलत है। उक्त विषय को लेकर पार्टी ने ग़लत वीडियो वायरल करने वालों के ख़िलाफ़ भाजपा जाँजगीर चाम्पा लोकसभा के कार्यकर्ता थाना जांजगीर पहुँचे और उनके ख़िलाफ़ कड़ी से कड़ी कार्यवाही करने का आवेदन पत्र थाना प्रभारी जांजगीर को दिया।
भाजपा प्रत्याशी कमलेश जांगड़े के साथ में रिपोर्ट दर्ज कराने वालो में पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, सोशल मीडिया प्रदेश प्रभारी प्रशांत सिंह ठाकुर, रवि पांडेय, अभिमन्यु राठौर, जितेंद्र देवांगन, पंकज अग्रवाल, मनोज मिश्रा, शिवचमन सिंह, प्रदीप सोनी, दिनेश राठौर, अनिल शर्मा , सोनू यादव, रितेश अग्रवाल उपस्थित थे।




