छत्तीसगढ़

शहर में व्याप्त जन समस्याओं का जल्द निराकरण करने भाजपाइयों ने कलेक्टर टोपनो से की मुलाकात

शहर की समस्याओं को दूर करने भाजपा है दृढ़ संकल्पित : मांगेराम अग्रवाल

सक्ती। शहर में व्याप्त विभिन्न जन समस्याओं के जल्द निराकरण को लेकर आज नगर पालिका परिषद शक्ति के पूर्व एल्डरमेन व भाजपा जिला उपाध्यक्ष मांगेराम अग्रवाल के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों का दल कलेक्टोरेट पहुंचा और कलेक्टर श्री टोपनो से मुलाकात कर विभिन्न जन समस्याओं के जल्द निराकरण की मांग की। साथ ही लोकसभा निर्वाचन 2024 के सफलतापूर्वक संपादन हेतु कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी का आभार व्यक्त किया। इस दौरान बुधवारी में हुई तोडफ़ोड़ के बाद अब तक कछुए की गति से चल रहे कामकाज में तेजी लाने और प्रभावित परिवारों के जल्द पुनर्वास और पुनव्र्यवस्थापन का प्रस्ताव भी रखा गया।

विदित रहे कि शहर में जहां कांग्रेस के शासनकाल में बुधवारी बाजार क्षेत्र में प्रशासन ने भयंकर तोडफ़ोड़ कर सैकड़ों परिवारों को बेघर कर दिया गया था, वहीं अब तक इन बेघर परिवारों के पुनर्वास की कोई समुचित व्यवस्था नहीं की गई है। साथ ही जिस उद्देश्य से बुधवारी बाजार में तोडफ़ोड़ की गई थी, वह उद्देश्य से भी आज तक पूरा होता नजर नहीं आ रहा है, क्योंकि साल भर से तोडफ़ोड़ स्थल पर सड़क बन रही है, परंतु काम कछुआ गति से चल रहा है। उसे देखकर ऐसा लगता है कि 2 साल और लगेंगे। इन्हीं सब बातों को देखते हुए प्रदेश में सत्ता परिवर्तन के बाद जिले के भाजपाई सक्रिय हो गए हैं।

आज भारतीय जनता पार्टी जिला उपाध्यक्ष एवं नगर पालिका परिषद सक्ती के पूर्व एल्डरमेन मांगेराम अग्रवाल के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों का एक दल कलेक्ट्रेट पहुंचा और कलेक्टर अमृत विकास टोपनो से मुलाकात कर लोकसभा निर्वाचन 2024 के सफलतापूर्वक संपादन हेतु कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी का आभार व्यक्त किया। भाजपा पदाधिकारियो ने बताया कि शहर में भीषण गर्मी के चलते जल संकट गहराने लगा है तथा पेयजल की समुचित व्यवस्था की जाए एवं शहर में जिन-जिन वार्डों में पानी की किल्लत है वहां प्रशासन व्यवस्था करे एवं शहर के सभी सरकारी बोरों को भी दुरुस्त कर बेहतर पानी आपूर्ति करने की दिशा में पहल की जाए एवं नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड क्रमांक- 1, 2 एवं 3 में जहां मुक्तिधाम जाने के लिए सड़क की समुचित व्यवस्था नहीं है तो वहीं नगर में अनेकों स्थानों पर सक्रिय मार्गों के चलते यातायात व्यवस्था आए दिन बाधित होती रहती है एवं यातायात व्यवस्था का जहां दुरुस्तीकरण करवाया जाए। कांग्रेस के शासन में बुधवारी बाजार में हुई तोडफ़ोड़ के प्रभावित परिवारों को आज तक पुनर्वास की सुविधा का लाभ नहीं मिल पाया है और दुकानदार भी रोजगार के अभाव में आज भी बेरोजगार घूम रहे है।

इस दौरान जिला भाजपा उपाध्यक्ष मांगेराम अग्रवाल ने कहा कि तोडफ़ोड़ से प्रभावित सभी परिवारों को पुनर्वास एवं पुनर्विस्थापन व्यवस्था का लाभ दिया जाए । आज छत्तीसगढ़ प्रदेश सहित पूरे देश में डबल इंजन की सरकार है एवं शहर की जन समस्याओं को हम प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करेंगे। भाजपा जिला उपाध्यक्ष मांगेराम अग्रवाल ने आगे बताया कि देश के पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी सुशासन की बात किया करते थे, हमें भी इस छत्तीसगढ़ प्रदेश में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में सुशासन की सरकार चलानी है।

इस दौरान प्रमुख रूप से जिला भाजपा कोषाध्यक्ष रामनरेश यादव, नगर मंडल सक्ती के महामंत्री अमन डालमिया, महिला मोर्चा नगर मंडल सक्ती की अध्यक्ष श्रीमती पुष्पेंनदरी कसेरा प्रमुख रूप से उपस्थित रही।

Related Articles