चुनावी माहौल के बीच होली के रंग में रंगा सक्तीनगर, रंग-गुलाल के साथ जमने लगी चुनावी चौपाल, अंचल की जानी-मानी राजनैतिक हस्तियों ने भी खेली होली
दिन भर होली की खुमारी में डूबा रहा शहर, चारों ओर छाया रंगोत्सव का उत्साह और उल्लास : गांवों में ढोल, छाल और करताल पर फाग का हुआ गायन

सक्ती। चुनाव की तैयारियों के बीच सक्तीनगर के शहरी व ग्रामीण इलाकों में होली की खुमारी हर किसी पर छाई रही। हर तरफ रंगोत्सव का उत्साह और उल्लास छाया रहा। गांवों में ढोल, छाल और करताल पर फॉग का गायन किया गया, ‘भोले शंकर खेलत फॉग गौरा संग लियो… आदि परंपरागत होली के गीत गूंजते रहे, वहीं राजनैतिक हस्तियों ने भी होली पर्व पर होली मिलन समारोह आयोजित रंग-गुलाल लगाया और लोगों को बधाइयां दी।
होली के रंगों पर चढ़ा दावेदारों का चुनावी रंग
इस बार होली के रंगों पर चुनावी रंग चढ़ता नजर आ रहा है। होली पर विभिन्न दलों के प्रत्याशी रंग-गुलाब के त्योहार के बीच अपना चुनाव प्रचार भी करते रहे। दावेदारों ने रंग लगाकर जहां लोगों को होली की बधाई दी वहीं जनसंपर्क और बैठकें कर अपने पक्ष में मतदान की अपील भी की।
राजनीतिक विशेषज्ञों का कहना है कि होली का रंग और चुनावी रंग दोनों का बड़ा महत्व है। इस बार दोनों पर्व एक साथ होने से रंगत और रौनक और बढ़ गई है। होली पर कई दिन पहले से ही शहर से देहात तक रंगों का त्योहार नजर आने लगा था। बाजार में दुकानदारों ने बाहर दुकान सजा रखी थीं। आज डीजे और बड़े स्पीकर रखकर होली व फिल्मी गीत चलाकर लोगों ने होली पर्व बड़े ही हर्षोल्लासपूर्वक माहौल में मनाया। आज चौतरफा होली व चुनावी रंग दिखाई दिया।

अंचल के भाजपा नेता नरेश अग्रवाल प्रिंस ने रायगढ़ पहुंचकर वित्त मंत्री ओपी चौधरी को दी होली की बधाई, भाजपा प्रत्याशी श्रीमती कमलेश जांगड़े ने अपने निवास में किया होली मिलन समारोह का आयोजन
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने रामबाग, रायगढ़ में होली मिलन समारोह का आयोजन किया, जहां सक्ती अंचल के भाजपा नेता नरेश अग्रवाल प्रिंस ने अपने कार्यकर्ताओं के साथ पहुंचकर उन्हें होली पर्व की बधाई दी। जांजगीर-चांपा लोकसभा क्षेत्र की भाजपा प्रत्याशी श्रीमती कमलेश जांगड़े ने भी अपने निवास मसनिया में होली मिलन समारोह का आयोजन किया, जहां काफी संख्या में सपरिवार पहुंचे सभी लोगों का स्वागत करते हुए उन्होंने होली की बधाई दी।
नेता प्रतिपक्ष डॉ चरण दास महंत एवं सांसद श्रीमती ज्योत्सना महंत ने दी होली की शुभकामनाएं
होली पर्व पर छत्तीसगढ़ विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष डॉ चरण दास महंत एवं कोरबा सांसद श्रीमती ज्योत्सना महंत ने भी होली की शुभकामनाएं दी सक्ती के माँ बेरी वाली मंदिर के पास निवासरत डोंगिया
सुलोनी वाले जनपद पंचायत सक्ती के सदस्य, भाजपा नेता रामकुमार गबेल एवं

जनपद सदस्य श्रीमती गीता गबेल ने भी होली के पर्व पर अपनों के बीच इस त्यौहार को मनाया। जिले में पुलिस प्रशासन ने पर्व शांति व सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने चाक चौबंद व्यवस्था भी की थी।
होली के पर्व पर जहां घरों में बच्चे, महिलाएं एवं युवा रंग गुलाल लगाते देखे गए तो वहीं डीजे की धूम पर भी लोग होली के गानों पर थिरकते रहे।
पूर्व विधायक डॉक्टर खिलावन साहू ने नगरदा में कार्यकर्ताओं के बीच मनाई होली
सक्ती विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक डॉक्टर खिलावन साहू ने नगरदा में अपनी धर्मपत्नी श्रीमती रत्ना देवी साहू सहित अन्य कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में होली मिलन समारोह का आयोजन किया और लोगों को रंग गुलाल लगाकर होली की बधाई दी। बच्चों में दिखा गजब का उत्साह रंगों के पर्व होली को लेकर बाजार कुछ दिनों पूर्व ही गुलजार हो चुका था। रंग-गुलाल, पिचकारी, टोपी, मुखौटों आदि से पटे बाजार में लोगों ने कुछ दिनों पूर्व से ही खरीदारी प्रारंभ कर दी थी। आज दिन भर गली मोहल्लों, चौक चौराहों मेें खासकर होली को लेकर बच्चों में गजब का उत्साह देखने को मिला। कल देर रात तक बाजार में रंग, गुलाल, स्प्रे और विभिन्न प्रकार की पिचकारियों की जमकर खरीदारी भी हुई थी।




