
अग्रवाल समाज की विभिन्न संस्थाएं लगाएंगी स्टॉल, ख्यातिलब्ध व्यंजनों की रहेगी भरमार
सक्ती। शहर में श्री अग्रसेन जयंती महा महोत्सव 2024 के अवसर पर मनाए जा रहे श्री अग्रसेन जयंती पखवाड़े के अंतर्गत 28 सितंबर को दोपहर 3 बजे से सायं 6 बजे तक शहर के शुभम ग्रीन्स में भव्य आनंद मेले का आयोजन किया गया है, जिसमें अग्रवाल समाज की विभिन्न संस्थाओं द्वारा तरह-तरह के व्यंजनों के स्टॉल लगाए जाएंगे, साथ ही यहां ख्यातिलब्ध व्यंजनों की भरमार रहेगी।
इस आनंद मेले में जहां विभिन्न प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया है वहीं समाचार लिखे जाने तक आनंद मेले की तैयारियां पूर्ण हो चुकी हैं। अग्रवाल महिला मंडल, मारवाड़ी युवा मंच शक्ति शाखा एवं अग्रवाल सभा सहित अन्य संस्थाओं के भी यहां स्टॉल लगाए जाएंगे।
इस आनंद मेले मेंं गाजियाबाद का पान, बिहारी मुर्रा, केवटिन का बड़ा सहित विभिन्न प्रकार के ख्यातिलब्ध व्यंजन आकर्षण का केंद्र बने रहेंगे। इस आनंद मेले के संचालन की जिम्मेदारी समाज बंधुओं को सौंपी गई है। अग्रसेन जयंती समारोह समिति शक्ति, अग्रवाल सभा अध्यक्ष श्याम सुंदर अग्रवाल, अग्रसेन जयंती समारोह समिति के अध्यक्ष राजकुमार अग्रवाल, कोषाध्यक्ष मुकेश बंसल, सचिव मनीष कथुरिया ने सभी अग्र बंधुओ से इस आनंद मेले में सपरिवार सम्मिलित होकर इसका आनंद उठाने की अपील की है।




