नगर में ईद मिलाद उन नबी पर्व पर निकाला गया शानदार जुलूस, हटरी धर्मशाला में अग्र बंधुओं ने किया जोरदार स्वागत, अग्रवाल समाज में पेश की भाईचारे की मिसाल

सक्ती। नगर में पैगम्बर ए इस्लाम का जन्मदिन जश्ने आमदे रसूल ईद मिलादुन्नबी आज धूमधाम से मनाया गया। इस मौके पर मुस्लिम समाजजनों ने जुलूस निकाला। खुशी के साथ लोगों ने अपने मकानों और मस्जिद, मदरसों को सजाया। सुबह जुलूस के लिए समाजजन नए व पारंपरिक परिधान में घरों से रवाना हुए। इस मौके पर एक साथ जुलूस में शामिल हुए जिसकी शुरूआत सुबह जामा मस्जिद से हुई। यहां से वे विशाल जुलूस के रूप में आगे बढ़ते गए। जुलूस का नगर में जगह-जगह स्वागत किया गया। जुलूस ए मोहम्मदी में सभी समाज जन एक दूसरे को मुबारकबाद दे रहे थे। जब जुलूस हटरी धर्मशाला पहुंचा तो वहां अग्रवाल बंधुओं ने जोरदार स्वागत किया। लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।
अग्रवाल समाज शक्ति द्वारा मुस्लिम समाज के पवित्र पर्व ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर शहर में सुबह जुलूस का हटरी धर्मशाला के सामने हटरी चौक में भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर अग्रवाल सभा शक्ति, श्री अग्रसेन जयंती समारोह समिति शक्ति के पदाधिकारी- सदस्यों ने जहां मुस्लिम समाज के वरिष्ठ जनों को माला पहनाकर एवं गले मिलकर उन्हें ईद की बधाइयां दी, वहीं जुलूस में शामिल सभी समाज बंधुओ को स्वल्पाहार भी कराया गया।
इस अवसर पर मुस्लिम समाज ने भी अग्रवाल समाज के सभी बंधुओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शक्ति शहर का यह आपसी सौहार्द्र एवं आपसी भाईचारा अपने आप में एक मिसाल है, वही मुस्लिम समाज की ईद मिलादुन्नबी पर्व पर निकला जुलूस जामा मस्जिद से प्रारंभ हुआ जो कि शहर के विभिन्न मार्गों का भ्रमण करते हुए वापस पहुंचा, जुलूस मार्ग में जहां जगह-जगह उनका स्वागत हुआ तो वहीं इस जुलूस में मुस्लिम समाज के सभी वर्ग के लोग पूरे उत्साह के साथ शामिल हुए।
ईद पर्व पर निकले जुलूस को लेकर स्थानीय पुलिस प्रशासन ने भी तगड़ी सुरक्षा व्यवस्था की थी। पूरे जुलूस मार्ग में पुलिस के अधिकारी कर्मचारी साथ चल रहे थे। जिला पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के दिशा- निर्देशन में शक्ति थाना टीआई बृजेश कुमार तिवारी, आरक्षि केंद्र शक्ति में पदस्थ टीआई नरेंद्र यादव सहित अन्य पुलिस अधिकारी शामिल थे।
अग्रवाल समाज ने चलाया स्वच्छता अभियान
जुलूस के स्वागत कार्यक्रम के पश्चात अग्रवाल समाज सक्ती ने स्वच्छता अभियान चला कर स्वच्छता का भी संदेश दिया। इस अवसर पर अग्रवाल सभा एवं अग्रसेन जयंती समारोह समिति के सदस्यों ने हटरी चौक में एकत्रित कचरो को उठाकर उसे निर्धारित स्थल पर डालकर स्वच्छता का संदेश दिया।




