
सक्ती। सक्ती जिले में शहर के मध्य हटरी चौक में स्थित उप डाकघर में आए दिन ग्राहकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। डाकघर का प्रिंटर खराब हो गया है जिसके वजह से ग्राहकों को अपने पासबुक में अपने लेनदेन संबंधी जानकारियां को प्रिंट कराने में दिक्कत हो रही है। पासबुक में प्रिंट नहीं किया जा रहा है, केवल समय दे दिया जाता है लेकिन प्रिंट हो नहीं पता है। बार-बार हो रही परेशानियों से अवगत कराते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों से शिकायत के बावजूद अब तक कोई सुधार नहीं किए जाने से ग्राहक परेशान हो रहे हैं। उप डाकघर के जिम्मेदार अधिकारियों से इस संबंध में पूछे जाने पर ग्राहकों को केवल निराशा हाथ लग रही है, क्योंकि उनसे ग्राहकों को केवल दो टूक जवाब ही मिल पाता है कि हमने अपने अपने उच्च कार्यालय में जानकारी दे दी है।
विदित रहे कि सक्ती जिले का यह मुख्य उप डाकघर है, जहां की स्थिति इतनी लचर है तो जिले के अन्य डाकघरों का क्या हाल होगा? इसका सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है। शहर के आम नागरिकों ने प्रशासन से पहल करने और व्यवस्था दुरूस्त करने की मांग की है। पोस्टमास्टर बिहारी लाल गोड़ से पूछे जाने पर उन्होंने इतना कहकर बताया कि प्रिंटर खराब होने की जानकारी हमने संभागीय कार्यालय बिलासपुर को दे दी है।




