
नवयुक्त अधिकारी-कर्मचारी कल्याण संघ के बैनरतले किया जा रहा प्रदर्शन
सक्ती। 6 सूत्रीय मांगों को लेकर नवयुक्त अधिकारी-कर्मचारी कल्याण संघ के बैनरतले सक्ती नगर पालिका के कर्मचारियों ने 18 सितम्बर से तीन दिवसीय धरना आंदोलन शुरू कर दिया है। संगठन के अध्यक्ष वासु चौबे उपाध्यक्ष संतोष यादव कोषाध्यक्ष अध्यक्ष रामभरोस, अभिजीत सिंह, विजय सोनवानी, इब्राहिम, प्रकाश वेद जायसवाल राधे रोहिणी सत्यवान राम सिंह, सुभाष, हयात अली मूलेश राजकुमार, खिलावन, वजीर संतोष ने संयुक्त रूप से जानकारी देते हुए बताया कि विगत लंबे समय से हमारी द्वारा कुछ मांगें की जा रही हैं, जिसे अब तक पूरा नहीं किया गया है।
श्री चौबे ने बताया कि 6 सूत्रीय मांगों में नगरीय निकायों में प्रत्येक माह की 1 तारीख को वेतन भुगतान ट्रेजरी के माध्यम से सुनिश्चित करने, नगरीय निकायों में ठेका पद्धति समाप्त करते हुए प्लेसमेन्ट कर्मचारियों को नगरीय निकायों के माध्यम से वेतन भुगतान किये जाने, 10 वर्ष की सेवा पूर्ण करने वाले दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों का नियमितीकरण करने, नगरीय निकाय में अन्य विभाग की भांति ओल्ड पेंशन योजना शीघ्र ही लागू करने, सामान्य प्रशासन विभाग तथा वित्त विभाग द्वारा जारी आदेश निर्देश जिस तिथि से जारी हो उस तिथि से नगरीय निकायों में भी पूर्णत: लागू किए जाने, नगरीय निकायों में कार्यरत कर्मचारियों की मृत्यु उपरांत परिवारजनों को संभाग स्तर में रिक्त पदों पर अनुकंपा नियुक्ति प्रदान करने के अलावा नगरीय निकायों में कार्यरत नियमित कर्मचारियों को 12 वर्ष की सेवा पूर्ण होने पर चैनल निर्धारित करते हुए संभाग स्तर में रिक्त पद पर पदोन्नति की कार्यवाही करने के साथ ही नगरीय निकाय के कर्मचारियों को छठवें एवं सातवें वेतनमान की ऐरियर्स राशि का भुगतान की स्वीकृति प्रदान करना शामिल हैं।




