सांसद कमलेश जांगड़े ने गौशाला पहुंचकर की गौ सेवा, खिलाया चना गुड़, गौशाला हेतु हरसंभव मदद का दिया आश्वासन

सक्ती। सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े ने आज अपने सक्ती प्रवास के दौरान हनुमान मंदिर के निकट मयंक सिंह ठाकुर और अन्य गौ सेवकों द्वारा संचालित गौशाला पहुंचकर गौ सेवा की। यहां उन्होंंने गौमाता को चना गुड़ भी खिलाया। इस दौरान सांसद कमलेश जांगड़े ने गौ सेवकों द्वारा नि:स्वार्थ भावना से की जा रही गौसेवा की प्रशंसा करते हुए कहा कि भविष्य में गौशाला के संचालन एवं रखरखाव हेतु उनके द्वारा हरसंभव सहायता प्रदान की जाएगी।
ज्ञात रहे कि सक्ती नगर के युवाओं ने मयंक सिंह ठाकुर के साथ मिलकर गौ सेवा के क्षेत्र में एक मिसाल पेश की है। इस दौरान गौ सेवकों द्वारा प्रतिदिन गौशाला में गाय को गुड़ व रोटी खिलाया जाता है, वही यह सेवा लगातार जारी रखते हुए उन्होंने शहर व शहर के बाहर बेसहारा घूमने वाले गाय को सडक़ दुर्घटना से बचाने के लिए प्रशासन के साथ रेडियम बेल्ट बांधने में भी कदम से कदम मिलाकर लक्ष्य को पूरा करने में अपनी भूमिका निभाई है।
मयंक सिंह ठाकुर ने बताया कि उनका एक उद्देश्य यह भी है कि आज हम गौसेवा में जिस तरह जुटे हुए हैं, हमारा यह कार्य देखकर यदि लोग अपने घर के आस-पास के ही गौ माता को भोजन करायेंगे तो यह चैनल इस तरह बन जाएगा और कही भी गौमाता कहीं भूखी नहीं रहेगी। गर्मियों में गौमाता एवं अन्य पशुओं के लिए पानी का प्याला (वाटर कंटेनर) भी उपलब्ध कराया जाएगा।




