सक्ती रेलवे स्टेशन में व्याप्त विभिन्न समस्याओं को लेकर पूर्व नपा अध्यक्ष श्यामसुंदर अग्रवाल ने कोरबा सांसद ज्योत्सना महंत को पत्र लिखकर कराया ध्यान आकृष्ट, कहा- यात्री सुविधाओं के विस्तार की दिशा में करें आवश्यक पहल

सक्ती। पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष श्यामसुंदर अग्रवाल ने कोरबा लोकसभा क्षेत्र की सांसद श्रीमती ज्योत्सना महंत को एक पत्र लिखकर सक्ती रेलवे स्टेशन में व्याप्त समस्याओं, यात्री सुविधाओं का विस्तार समेत अन्य समस्याओं को लेकर पत्र लिखा है। ज्ञात रहे कि सांसद ज्योत्सना महंत की पहल पर ही सक्ती रेलवे स्टेशन में आरक्षित टिकटों के काउंटर की समयसीमा में वृद्धि हुई थी।
नगर पालिका सक्ती के पूर्व अध्यक्ष श्यामसुंदर अग्रवाल ने कोरबा लोकसभा क्षेत्र की सांसद श्रीमती ज्योत्सना चरण दास महंत को एक पत्र प्रेषित किया है। पत्र के माध्यम से पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष श्री अग्रवाल ने बताया है कि नवगठित सक्ती जिले में रेलवे स्टेशन व यात्री सुविधाओं में विस्तार की महती आवश्यकता है। उन्होंने कहा है कि हावड़ा-मुंबई मुख्य रेल मार्ग पर स्थित सक्ती रेलवे स्टेशन में लम्बे अरसे से यात्री सुविधाओं के नाम पर नगरवासियों के साथ छल किया जा रहा है, जिस पर ध्यान देना अत्यंत आवश्यक है।
श्री अग्रवाल ने पत्र के माध्यम से सांसद श्रीमती महंत का ध्यान आकृष्ट कराते हुए कहा है कि सक्ती रेलवे स्टेशन में महत्वपूर्ण सुपरफास्ट ट्रेनों का स्टॉपेज होना नितांत आवश्यक है। पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष श्यामसुंदर अग्रवाल ने कहा कि सक्ती रेलवे स्टेशन में वर्तमान में निजामुद्दीन से बिलासपुर होकर रायगढ़ चलने वाली गोंडवाना एक्सप्रेस तथा रायगढ़ से निजामुद्दीन गोंडवाना एक्सप्रेस अप एंड डाउन दोनों का स्टॉपेज दिया जाए, सक्ती रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक की लंबाई वर्तमान समय को देखकर बढ़ाई जाए, सक्ती रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर- 2 में अतिरिक्त यात्री शेड का निर्माण किया जाए, शैड के अभाव में गर्मी एवं बारिश के समय में रेल यात्री खुले आसमान के नीचे ही परेशान होते हैं, प्लेटफार्म नंबर- 2 में पेयजल की समुचित व्यवस्था उपलब्ध करवाई जाए एवं यूरिनल इत्यादि का भी व्यवस्था किया जाए।
पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष श्यामसुंदर अग्रवाल ने अपने पत्र में बताया कि सक्ती रेलवे स्टेशन के फुट ओवर ब्रिज में एक्सीवेटर का निर्माण किया जाए, एक्सीवेटर के बिना बुजुर्ग एवं निशक्तजन यात्रियों को जहां रेल यात्रा करने में भारी असुविधा होती है तो वहीं अनेकों इस श्रेणी के यात्री प्लेटफार्म तक ही नहीं पहुंच पाते एवं उन्हें अपनी यात्रा स्थगित करनी पड़ती है।
श्री अग्रवाल ने पत्र के माध्यम से मांग की है कि सक्ती रेलवे स्टेशन के सभी प्लेटफार्म पर आवश्यकता अनुसार रात्रि समय प्रकाश की व्यवस्था की जाए, प्रकाश के अभाव में रात्रि काल स्टेशन में उतरने वाले रेल यात्रियों को सुरक्षा संबंधी खतरा बना रहता है। उन्होने सक्ती रेलवे स्टेशन में उच्च स्तरीय वेटिंग हॉल का निर्माण करने, वर्तमान में एक भी वेटिंग हॉल नहीं होने से रेल यात्रियों को प्लेटफार्म के शैड के नीचे ही ट्रेनों का इंतजार करने के कारण होने वाली परेशानियों के साथ साथ आवश्यकता अनुसार गंभीर रूप से बीमार और नि:शक्त रेल यात्रियों को सक्ती रेलवे स्टेशन में आपातकालीन सुविधा के लिए अस्थाई बैड की भी सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की है।
ज्ञात रहे कि सक्ती रेलवे स्टेशन में कोरबा सांसद श्रीमती ज्योत्सना चरण दास महंत के प्रयासों से 4 बजे तक बंद होने वाले आरक्षण टिकट काउंटर की टाइमिंग बढ़ाकर रात्रि 10 बजे तक कर दी गई है। कोरबा सांसद श्रीमती ज्योत्सना महंत ने सदैव अपना सकारात्मक सहयोग प्रदान करते हुए सक्ती स्टेशन में रेल यात्री सुविधाओं को लेकर निरंतर रेलवे प्रशासन से पत्राचार किया है और रेलवे अधिकारियों ने भी निरंतर सक्ती रेलवे स्टेशन के लिए सकारात्मक रूप से अपना सहयोग प्रदान किया है।




