पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल से काजकाज ठप्प, छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन ने दिया समर्थन

सक्ती। सक्ती जिले के पटवारियों ने अपनी समस्याओं के निराकरण को लेकर बेमियादी हड़ताल शुरू कर दी है। अब छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन जिला सक्ती भी उनके समर्थन में आ गया है। फेडरेशन के सदस्यों ने आज पटवारियों द्वारा किए जा रहे धरना प्रदर्शन पर पहुंचकर उन्हें समर्थन देते हुए उनकी मांगों का जायजा बताया।
कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के जिला संयोजक राधेलाल भारद्वाज ने अपनी टीम के साथ पटवारियों के धरना प्रदर्शन स्थल पर पहुंचकर अपना नैतिक समर्थन दिया। उन्होंने अपने अभिभाषण में मौजूदा सरकार को पटवारियों के जायज मांगों को जल्द से जल्द पूरा करने की मांग की। जिला संयोजक राधेलाल भारद्वाज ने कहा कि पटवारी राजस्व विभाग की महत्वपूर्ण कड़ी है जिससे किसानों, छात्र छात्राओं एवं आम जनता का सीधा संबंध होता है। हड़ताल से स्कूल में जाति निवास आय, किसानों के फसल संबंधित कार्य और आम जनता के भूमि संबंधित बहुत से कार्य रुक गए हैं एवं हड़ताल से काम प्रभावित हो रहा है जिसे सरकार द्वारा गंभीरता पूर्वक लेते हुए जल्द से जल्द पटवारियों की जायज मांगों को मानते हुए हड़ताल खत्म करने हेतु इस दिशा में सार्थक कदम उठाया जाना चाहिए। उन्होंने प्रदेश सरकार पर पटवारियों के विरूद्ध दमनकारी रवैया अपनाए जाने का आरोप भी लगाया।




