
सक्ती/बाराद्वार। बाराद्वार के मुक्ता बस स्टैण्ड के निकट एक नाले में गिरकर घायल अवस्था में पड़े एक नंदी (बैल) का गौ सेवकों की मदद से सफल रेस्क्यू कर लिया गया है। बताया जाता है कि कीचड़ से भरे नाले में नंदी गिरकर घायल अवस्था में पड़ा हुआ था और बाहर निकलने की कोशिश कर रहा था, लेकिन बाहर आने का रास्ता नहीं मिलने के कारण वह लगभग मृतप्राय हो चुका था। आसपास से गुजर रहे लोगों की जब उस पर नजर पड़ी तो इसकी सूचना किसी ने गौ सेवकों को दी। गौ सेवकों ने बिना किसी विलंब के मौकास्थल पर पहुंचकर स्थानीय एनएच निर्माण विभाग और अन्य लोगों की मदद से मशीन के द्वारा नंदी का सफल रेस्क्यू कर लिया गया।
नंदी को बाहर निकालने के बाद गौ सेवकों द्वारा उसका पशु चिकित्सक की मदद से उपचार भी कराया गया। फिलहाल नंदी की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है और वह पूरी तरह स्वस्थ हो चुका है. गौ सेवकों के सेवाभाव की नगरवासियों द्वारा जमकर प्रशंसा की जा रही है। नंदी का सफल रेस्क्यू करने में जेसीबी की मदद ली गई, जिसके लिए मीनू अग्रवाल, गौ सेवक राजशेखर शर्मा, अंशुल अग्रवाल, राजा राठौर, सोनू साहू, भाई छोटू, विशाल यादव की सराहनीय भूमिका रही।




