सराफा एसोसिएशन के चुनाव में एकता पैनल की एकतरफा जीत : कमल सोनी अध्यक्ष, प्रकाश गोलछा महासचिव और हर्षवर्धन जैन बने कोषाध्यक्ष…सक्ती सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं अन्य पदाधिकारियों ने दी बधाई


रायपुर/बिलासपुर/सक्ती। छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन के चुनाव में एकता पैनल की एक तरफा जीत हुई है। अध्यक्ष, महासचिव और कोषाध्यक्ष सभी पद पर एकता पैनल की जीत हुई है। कमल सोनी 65 वोट से जीत कर अध्यक्ष बने हैं। प्रकाश गोलछा एक वोट से जीत कर महासचिव और हर्षवर्धन जैन 8 वोट से जीतकर कोषाध्यक्ष का चुनाव जीते है।
एसोसिएशन के इस चुनाव में अध्यक्ष, महासचिव और कोषाध्यक्ष पद के लिए वोटिंग हुई। इसमें 91 एसोसिएशन के 273 लोगों ने अध्यक्ष, सचिव और कोषाध्यक्ष के लिए मतदान किया। सक्ती सराफा संघ के सदस्यों ने भी रायपुर जाकर वोट डाला। वोट डालने के लिए जिला पदाधिकारियों से अपना परिचय पत्र और सराफा का लेटर हेड भी मंगवाया गया था।
जय सराफा पैनल से महासचिव के पद के लिए चुनाव लड़ रहे उत्तम गोलछा की 1 वोट से हार हुई हुई है। बता दें कि उत्तम गोलछा छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स में कोषाध्यक्ष हैं। जिन्हें एकता पैनल के महासचिव पद पर चुनाव लड़ रहे प्रकाश गोलछा ने हराया है। छग सराफा एसोसिएशन के चुनाव में कमल सोनी के अध्यक्ष, प्रकाश गोलछा के महासचिव और हर्षवर्धन जैन के कोषाध्यक्ष बनने पर सक्ती सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश सराफ (Raju) , संरक्षक कैलाश चंद्र सराफ, आलोक सराफ (बिल्लु), दिनेश सराफ ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
इन प्रत्याशियों ने लड़ा चुनाव
छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन के चुनाव में एकता पैनल से अध्यक्ष के लिए कलश छाप से कमल सोनी (बिलासपुर), महासचिव के लिए प्रकाश गोलछा (रायपुर) और कोषाध्यक्ष पद के लिए हर्षवर्धन जैन (रायपुर) चुनाव लड़े। वहीं, जय सराफा पैनल से अध्यक्ष के लिए प्रकाश सांखला (दुर्ग), महासचिव के लिए उत्तम गोलछा (रायपुर) और कोषाध्यक्ष पद के लिए सुरेश भंसाली ने दावेदारी की।
प्रदेश भर के व्यापारियों को घर बैठे जानकारी और समस्या का समाधान मिले इसके लिए एकता पैनल ने ई-डायरेक्टरी (ऑनलाइन पोर्टल) बनवाने का वादा अपने संकल्प पत्र में किया है। चुनाव जीतने के 15 दिनों के भीतर इसे लॉन्च करने का भी दावा किया गया। इसकी मदद से प्रदेश भर के एसोसिएशन और उनके पदाधिकारी अपनी जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। जरूरत पडऩे पर जांच के दौरान इसमें संग्रहित अपनी आधिकारिक पहचान भी दिखा सकेंगे। इसके साथ जल्द से जल्द राजधानी में प्रदेश कार्यालय और सराफा भवन का निर्माण, संगठन विस्तार, अच्छे और सुलभ व्यापार के लिए होलसेल कॉरीडॉर बनवाना, जेम्स व ज्वेलरी पार्क, न्यायधानी बिलासपुर में विधिक सहायता के लिए हाई कोर्ट अधिवक्ता, जिलों में सलाहकार, समय-समय पर वार्षिक सम्मेलन व कार्यशालाएं आयोजित कराने के मुद्दे पर चुनाव लड़ा गया।




