प्रचण्ड मोदी लहर भी नहीं रोक सकी ज्योत्सना को, कोरबा लोकसभा सीट से दर्ज की ऐतिहासिक जीत : सक्ती जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष श्याम सुंदर अग्रवाल और कांग्रेस नेता आनंद अग्रवाल ने कोरबा पहुंचकर दी बधाई

कोरबा/सक्ती। कोरबा लोकसभा सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी ज्योत्सना महंत ने 43 हजार 263 वोटों से दूसरी बार जीत दर्ज की है। कांग्रेस को 5 लाख 69 हजार 230 वोट मिले हैं। वहीं, बीजेपी प्रत्याशी सरोज पांडेय को 5 लाख 25 हजार 967 वोट मिले हैं। जीत के बाद कांग्रेस नेता और कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाया। सक्ती से कोरबा पहुंचकर जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष श्यामसुंदर अग्रवाल और कांग्रेस नेता आनंद अग्रवाल ने श्रीमती ज्योत्सना महंत को ऐतिहासिक जीत की बधाई दी।
दरअसल, कोरबा के आईटी कॉलेज में 4 जून को मतगणना हुई। 27 प्रत्याशियों के लिए 7 मई को 75.63 प्रतिशत वोटिंग हुई। 3 लेयर में सुरक्षा के लिए मतगणना स्थल पर 500 जवानों की तैनाती की गई थी। कोरबा विधानसभा में 18 राउंड, रामपुर विधानसभा में 21 राउंड, पाली तानाखार विधानसभा में 22 राउंड, कटघोरा विधानसभा में 19 राउंड, जीपीएम में 18, एमसीबी में 12 राउंड और कोरिया बैकुंठपुर में 17 समेत कुल 142 राउंड में गिनती हुई।
कोरबा में वास्तविक लड़ाई सरोज पांडेय और चरणदास महंत के बीच थी। नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत की पत्नी ज्योत्सना महंत दोबारा चुनाव जीतने में कामयाब रहीं। पिछली बार जब प्रचंड मोदी लहर थी, तब भी वे यहां से जीती थीं। इस बार सरोज पांडेय को भिलाई से ले जाकर कोरबा सीट से लड़ाया गया। सरोज पांडेय भाजपा की राष्ट्रीय नेता हैं। वे यहां से चुनाव जीत जातीं, तो केंद्र में बड़ा ओहदा होता।




