भीषण गर्मी में जान हथेली पर रखकर विद्युत व्यवस्था दुरूस्त करने कड़ी मेहनत कर रहे बिजली विभाग के श्रमवीर

उपभोक्ताओं के चेहरों पर मुस्कान लौटाने तपती दुपहरी में विद्युत् विभाग के श्रमवीर दे रहे अग्नि परीक्षा
सक्ती। छग स्टेट पॉवर कंपनी द्वारा बारिश से पूर्व पूरे प्रदेश में विद्युत प्रणालियों के मरम्मत एवं संधारण का कार्य इन दिनों तेजी से किया जा रहा है। इसी क्रम में सक्ती जिले में भी वर्षा पूर्व विद्युत प्रणालियों को दुरूस्त करने में जुटे विद्युत विभाग के कर्मचारी विपरीत परिस्थितियों में भी लगातार संचारण-संधारण कार्य में जुटे हुए हैं। इसके साथ ही कुछ दिनों पहले आये तेज आंधी-तूफान में कई ग्रामों के बिजली के खंभे आंधी-तूफान से प्रभावित हुए थे जिन्हें दुरूस्त किया जा रहा है। इसके साथ ही बहुत से ग्रामों में बिजली आपूर्ति भी सुचारू रूप से की जा रही है। तपती दुपहरी और भीषण गर्मी में जान हथेली पर रखकर विद्युत व्यवस्था दुरूस्त करने बिजली विभाग के श्रमवीर कड़ी मेहनत कर रहे हैं।
जहां एक ओर नौतपा में लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है, वहीं लाइन मेंटनेंस की बात हो या विद्युत अवरोध की शिकायत हो, बिजली विभाग के श्रमवीरों को मौके पर पहुंचकर तपते हुए खंभे पर चढक़र विद्युत सुधार का कार्य करते देखा जा सकता है, परंतु इनके जज्बे को सलाम है, क्योंकि इस भीषण गर्मी में तपते हुए खंभे पर चढक़र विद्युत अवरोध को ठीक करना इतना सहज भी नहीं है।
लाइट गुल होते ही शुरू हो जाता है कम्पलेन का सिलसिला, लेकिन साथ ही शुरू हो जाती है बिजली विभाग के उन श्रमवीरों की भी अग्निपरीक्षा, जो 47 डिग्री तापमान में भी अपना फर्ज पूरा करने से नहीं चूकते। अल्प वेतन पाने वाले ये संविदा कर्मचारी हमारे चेहरे पर भीषण गर्मी में मुस्कान लौटाने जी तोड़ मेहनत करते हैं। विद्युत अवरोध ठीक होते हुए जन सामान्य के चेहरों पर मुस्कान लौट आती है, लेकिन इससे कहीं अधिक खुशी इन श्रमवीरों को मिलती है, जब वे तपती दुपहरी में भी सभी बाधाओं को पार करते हुए सुविधा के अभाव में भी हमारे लिए, हमारी सुख-सुविधाओं के लिए, अपना फर्ज पूरा करने दिन रात जूझते हैं।
सैकड़ो लोगों के निरंतर फ़ोन कॉल्स….लाइट कब आएगी, कुछ काम नहीं करते…फ्री की तनख्वाह ले रहे हैं, कहने वाले अपने घरों में कूलर, एसी में आराम फरमा रहे होते हैं, लेकिन सब कुछ सुनकर भी विद्युत विभाग के श्रमवीर चौबीसों घंटे अपने कार्यस्थल में डटे रहते हैं। विद्युत विभाग के कर्मचारी विपरीत परिस्थिति में भी व्यवस्थाओं को सुधारने कड़ी मेहनत कर रहे है जिससे आने वाले बरसात में भी बिजली की होने वाली समस्याओं से काफी हद तक बचा जा सके। तपती धूप में जहां लोग अपने घरों से निकलने कई बार सोचते हेै वहीं विद्युत विभाग के कर्मचारी विद्युत पोल लगवाने के साथ ही विद्युत तारों को खींचने में लगे रहते है जिससे आम लोगों को बिजली की समस्या ना हो।
जरा सोचिए! यह कार्य इतना सहज है क्या? विद्युत विभाग के ऐसे कर्मवीरों- श्रमवीरों को…उनके जज्बे को सक्ती टॉप न्यूज सलाम करता है।




