
-
सक्ती थाना परिसर स्थित श्री सिद्ध हनुमान मंदिर के पुजारी पंडित ओमप्रकाश वैष्णव के सानिध्य में ज्योति कलश, अलौकिक श्रृंगार, एवं सिंदूराभिषेक के विविध कार्यक्रमों का होगा आयोजन
-
संध्या बेला में 49वीं महाआरती भी होगी, सप्तक म्यूजिकल ग्रुप द्वारा दी जाएगी भव्य भजन संध्या की प्रस्तुति
-
दूर-दूर तक प्रसिद्ध है सक्ती थाना परिसर के हनुमानजी
सक्ती। विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी सक्ती के थाना परिसर स्थित श्री सिद्ध हनुमान मंदिर में मंगलवार 23 अप्रैल को हनुमान जन्मोत्सव श्रद्धापूर्वक धूमधाम के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर संध्या बेला में 49 वीं भव्य महाआरती का आयोजन किया जाएगा।
श्री सिद्ध हनुमान मंदिर सक्ती के मार्गदर्शक पंडित देवी प्रसाद वैष्णव एवं पुजारी पंडित ओमप्रकाश वैष्णव के सानिध्य में 23 अप्रैल को ज्योति कलश प्रज्वलित की जाएगी। श्री सिद्ध हनुमान मंदिर समेत जिले के समस्त संकटमोचन हनुमान मंदिरों में अंजनी के लाल, श्रीराम भक्त हनुमान का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा।
हनुमान जन्मोत्सव के दिन सुबह से ही शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक हनुमान मंदिरों में पूजन-अर्चन की धूम मची रहेगी। समाज सेवी संगठनों ने जगह-जगह भंडारा आयोजित कर भक्तों में प्रसाद वितरण करने की तैयारी भी कर ली है। इस दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में मेले जैसा माहौल देखने को मिलेगा।

सक्ती के श्री सिद्ध हनुमान मंदिर परिवार ने बताया कि हनुमान जन्मोत्सव के पर्व पर मंदिर में सुबह 7:30 बजे आरती होगी। शाम को 7 बजे संध्या महाआरती होगी। रात्रि 7:30 बजे सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ होगा। रात्रि 8 बजे से सप्तक म्यूजिकल ग्रुप द्वारा भव्य भजन संध्या कार्यक्रम का आयोजन होगा। इस अवसर पर मंदिर की साज-सज्जा प्रारंभ हो चुकी है। जन्मोत्सव के अवसर पर प्राकृतिक फूलों से हनुमान जी का श्रृंगार किया जाएगा। ज्योति कलश प्रज्वलित कराने के लिए 300 रू. की रसीद कटवाई जा सकती है, वही अलौकिक श्रृंगार के लिए 700 रू. की रसीद एवं सिंदूराभिषेक के लिए 100 रू. की रसीद व जा सकती है।
ज्ञात रहे कि सिद्ध श्री सिद्ध हनुमान मंदिर सक्ती में विगत अनेको वर्षों से निरंतर हनुमान जन्मोत्सव का कार्यक्रम धूमधाम के साथ मनाया जा रहा है। इस वर्ष भी आयोजित कार्यक्रमों को लेकर धर्म प्रेमियों में भारी उत्साह है एवं पूरे मंदिर को आकर्षक स्वरूप प्रदान किया जा रहा है। मंदिर के पुजारी पंडित ओमप्रकाश वैष्णव ने भी सभी हनुमान भक्तों को सपरिवार हनुमान जन्मोत्सव पर आयोजित समस्त कार्यक्रमों में शामिल होकर पुण्य का भागी बनने का आग्रह किया है।




