छत्तीसगढ़

तालाब में तैरती मिली वृद्ध की लाश, एक नाबालिग सहित दो आरोपी गिरफ्तार

  • चोरी की नीयत से देर रात वृद्ध के घर में घुसकर कर दी थी हत्या

  • मालखरौदा थाना क्षेत्रान्तर्गत ग्राम सकर्रा का मामला

मालखरौदा। ग्राम सकर्रा के तालाब में तैरती पाई गई वृद्ध की लाश की शिनाख्ती के बाद पुलिस ने मामले को संदिग्ध मानते हुए गहन छानबीन के उपरांत दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों ने वृद्ध की हत्या करने और उसका शव तालाब में फेंकने का जुर्म कबूल कर लिया है। जानकारी के अनुसार मालखरौदा थाना क्षेत्रान्तर्गत ग्राम सकर्रा में 16 अप्रैल को सुबह 10 बजे तालाब में समारू सारथी, 75 वर्ष की लाश तैरती हुई पाई थी। पुलिस ने सूचना मिलने पर घटनास्थल पर पहुंचकर शव का पंचनामा करा उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वृद्ध की मौत को संदिग्ध मानते हुए पुलिस ने मामले की विवेचना शुरू की तो ज्ञात हुआ कि भुवनेश्वर सारथी एक नाबालिग के साथ मृतक समारू सारथी के घर के आसपास रात में देखा गया था।

पुलिस ने संदेह के आधार पर भुवनेश्वर से पूछताछ की तो उसने एक नाबालिग के साथ मिलकर वृद्ध की हत्या करना कबूल कर लिया। उसने बताया कि चोरी की नीयत से रात्रि करीब 11 बजे मृतक के घर पहुंचे, परंतु मृतक समारू सारथी ने उन्हें देख लिया और स्थिति मारपीट तक पहुंच गई। भुवनेश्वर ने अपने नाबालिग साथी के साथ मिलकर वृद्ध समारू की स्कार्प (कपड़ा) गला घोंटकर और पटक-पटक कर हत्या कर दी। बाद में उसका शव तालाब में ठिकाने लगा दिया। जाने से पहले वे मृतक के घर से 1000 रू. नगदी व एक मोबाइल लेकर फरार हो गए।

भुवेनश्वर के पास से खून से सने कपड़े, 420 नगद तथा नाबालिक से 410 रू. नगद, चोरी का मोबाइल तथा घटना के समय पहने कपड़े को बरामद कर लिया गया है। मालखरौदा पुलिस द्वारा तत्परतापूर्वक कार्रवाई करते हुए 4 घंटे की भीतर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों आरोपियों को धारा 302, 382, 394, 397, 201, 34 भादवि के तहत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड में भेजा गया है ।

Related Articles