
सक्ती। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जांजगीर चांपा लोकसभा क्षेत्र की प्रत्याशी श्रीमती कमलेश जांगड़े के समर्थन विशाल आमसभा को संबोधित करने 23 अप्रैल को सक्ती आएंगे। पीएम मोदी के आगमन को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुरजोर तैयारियां शुरू कर दी हैं, लेकिन आमसभा के लिए स्थान निर्धारित करना अब तक शेष है। आज देर शाम तक प्रशासनिक तौर पर इसकी आधिकारिक पुष्टि होने की संभावना है।
लोकसभा चुनाव संयोजक एवं भाजपा जिलाध्यक्ष कृष्णकांत चंद्रा एवं सह संयोजक डॉक्टर खिलावन साहू के नेतृत्व में प्रमुख नेताओं की टीम पीएम मोदी की आमसभा के लिए स्थान तलाशने में जुटी हुई है। उल्लेखनीय है कि इसके पूर्व जब वे गुजरात के मुख्यमंत्री थे, उस समय भी लोकसभा चुनाव के दौरान उन्होंने सक्ती आकर बुधवारी बाजार स्थित पं. दीनदयाल उपाध्याय मैदान में आमसभा को संबोधित किया था।




