
सक्ती। मातारानी की अनोखी भक्ति और शक्ति का अद्भुत नजारा देखना हो तो चले आइए सक्तीनगर। जी हां…यहां चंद्रपुर पदयात्रा सेवा समिति द्वारा निकाली जाने वाली पदयात्रा में लोग घर परिवार के साथ अपने गांव और जिले की सुख समृद्धि की कामना करने और लोगों को धर्म के प्रति जागरूक करने के लिए हर साल पैदल यात्रा करते हैं। इस वर्ष भी चंद्रपुर पदयात्रा सेवा समिति सक्ती द्वारा मां महामाया देवी मंदिर सक्ती से 13 अप्रैल की सायं 5 बजे पदयात्रा निकाली जाएगी जो शाम 7 बजे मां अष्टभुजी मंदिर पहुंचेगी। इस पदयात्रा में सैकड़ों भक्त शामिल होंगे। इस दौरान जगह-जगह पदयात्रा का स्वागत भी किया जाएगा, साथ ही पदयात्रा में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं के लिए ग्रामवासियों द्वारा जलपान की भी व्यवस्था की जाएगी।
इस संबंध में जानकारी देते हुए संयोजक श्याम सुंदर अग्रवाल ने बताया कि 13 अप्रैल दिन शनिवार को निकाली जा रही पदयात्रा के अड़भार स्थित मां अष्टभुजी मंदिर पहुंचने के उपरांत शाम 7 बजे विशाल भण्डारा का आयोजन होगा, जहां आने वाले भक्त माता का प्रसाद ग्रहण कर सकेंगे। ऐसी मान्यता है कि पदयात्रा में शामिल होने वाले भक्तों की माता रानी मुरादें पूरी करती हैं, इसलिए सैकड़ों भक्त हर साल माता के दरबार जाते हैं। उन्होंने बताया कि पदयात्रा में शामिल होने वाले भक्तों केे हाथों में माता की चुनरी से बना लाल झंडा होता है जो जय माता दी के जयकारा लगाते हुए आगे बढ़ते जाते हैं।




