सक्ती में विशाल भजन संध्या ‘आशीर्वाद’ का हुआ आयोजन, बाबा खाटू श्याम के जयकारों से गूंजा शहर

सक्ती के मांगेराम मानस अग्रवाल ने किया था आयोजन, अवसर था नन्हे-मुन्ने बच्चों के जन्मदिन का खाटूधाम के मुख्य पुजारी महंत मोहन दास जी का पूरा परिवार हुआ शामिल, देश के विख्यात भजन गायकों के श्याम भजनों से देर रात तक झूमते रहे श्याम प्रेमी


सक्ती। शहर को प्रतिष्ठित फर्म मांगेराम मानस अग्रवाल (शिव बुक सेंटर) द्वारा शहर के स्टेशन रोड स्थित जिंदल प्लाजा के पीछे अपने निवास के बाहर परिसर में विगत वर्ष की भांति इस वर्ष भी भव्य और विशाल भजन संध्या आशीर्वाद का आयोजन किया गया। मौका था मानस अग्रवाल के जुड़वा बच्चों के जन्मदिन का। भजन संध्या में बड़ी संख्या में बाबा खाटू श्याम के भक्त मौजूद रहे। भजनों पर भक्त खूब झूमे और जमकर उद्घोष लगाए, जिसकी वजह से वातावरण भक्तिमय हो गया।
इस भजन संध्या में जहां खाटूधाम के निज सेवक महंत मोहनदास जी सपरिवार शामिल हुए, वहीं देश के किन्नरों की मुखिया मुस्कान मां का आशीर्वाद भी श्याम भक्तों को मिला। देश के कोने-कोने से आए भजन गायकों ने भक्तों को भक्ति रस में सराबोर कर दिया। भजन संध्या में सुगंधित फूलों से बाबा का श्रृंगार किया गया। इत्र वर्षा, पुष्प वर्षा और छप्पन भोग का प्रसाद लगाया गया।

भजन संध्या आशीर्वाद में देश के कोने कोने से आए विख्यात भजन कलाकारों ने अपनी सुरीली आवाज में भजन प्रस्तुत किए तो श्रद्धालु झुमे बिना रह सके। हारे के सहारे आजा, हारे हारे हारे तुम हारे के सहारे, गजब मेरे खाटू वाले पर श्याम प्रेमी थिरकते नजर आए। भजन संध्या में बड़ी संख्या में आए श्याम प्रेमियों द्वारा भजनों का आनंद लिया। इस अवसर पर भव्य दरबार, छप्पन भोग, फूलों की वर्षा की गई। अंत में खाटू श्याम बाबा की आरती के बाद प्रसाद बांटा गया।
भजन संध्या ‘आशीर्वाद’ में आशीर्वाद देने के लिए खाटू धाम के प्रमुख मोहन दास जी महाराज एवं श्याम सिंह चौहान जी सहित देश के विभिन्न भजन सम्राट भी पहुंचे हुए थे तथा कार्यक्रम के दौरान जहां रात्रि 7:00 बजे से सुबह 5:00 तक श्याम प्रेमी भजनों का आनंद लेते रहे तो वहीं श्याम जी की आराधना में भी लोग मगन रहे।

इस कार्यक्रम में माताएं, बहने, युवा भी प्रमुख रूप से उपस्थित थे, वही आयोजक परिवार मांगेराम मानस अग्रवाल द्वारा भी सभी श्याम प्रेमियों का आभार व्यक्त किया गया। उपस्थित श्याम प्रेमियों ने भी मानस अग्रवाल के जुड़वा बच्चों को भी जन्मदिन की शुभकामनाएं प्रेषित की। कार्यक्रम की भव्यता को देखकर आयोजक परिवार द्वारा श्याम प्रेमियों के आवास एवं आवागमन की भी सुंदर व्यवस्था की गई थी। भजन संध्या में पूरा सक्ती शहर श्याम नाम की धुन में गूंज उठा।




