छत्तीसगढ़

घर में घुसकर वृद्धा और उसके दामाद के साथ मारपीट के दो आरोपी जेल दाखिल

जैजैपुर। घर में घुसकर वृद्धा और उसके दामाद के साथ मारपीट कर मोटर सायकल को क्षतिग्रस्त करने के आरोप में दो युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार जैजैपुर थाना क्षेत्रान्तर्गत ग्राम खम्हारडीह में सहोदरा बाई चंद्रा अपने पति के साथ निवास करती है और उनका दामाद उनकी देखरेख करता है। 24 मार्च को खम्हारडीह के दो युवक कौशल चंद्र पिता स्व. दिलदार चंद्रा, 25 वर्ष और नरेश चंद्रा पिता स्व. दिलदार चंद्रा, 19 वर्ष अचानक उसके घर पहुंचे और उनके दामाद के साथ गाली-गलौच करते हुए उनसे मारपीट की। आरोपी युवकों ने घर में खड़ी मोटर सायकल सीडी डीलक्स को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।

वृद्धा सहोदरा बाई की रिपोर्ट पर जैजैपुर पुलिस ने अपराध क्रमांक 64/2024 धारा 452, 506, 323, 427, 34 भा.द.वि. पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में ले लिया। इसके उपरांत पुलिस अधीक्षिका श्रीमती अंकिता शर्मा (भा.पु.से), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महोदया रमा पटेल (रा.पु.से) एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) सक्ति मनीष कुंवर (रा.पु.से.) से मिले निर्देश के आधार पर जैजैपुर पुलिस ने ग्राम खम्हारडीह पहुंचकर आरोपियों को धर दबोचा और पूछताछ करने पर उन्होंने अपना अपराध कबूल कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। उक्त कार्यवाही में जैजैपुर थाना प्रभारी निरीक्षक ललित चंद्रा के मार्गदर्शन में सहा. उप निरी. मिश्रा, प्र.आर. श्रीकांत सेंगर, मनोज, गोविंद पटेल का सराहनीय योगदान रहा।

Related Articles