
23 मार्च को जन सेवा समिति की बैठक में लिया गया निर्णय
सक्ती। 23 मार्च को हटरी धर्मशाला शक्ति के सभागार में आयोजित जन सेवा समिति की बैठक में उपस्थित सदस्यों द्वारा जन सेवा समिति के बायलॉज के अनुरुप विधिवत नए सत्र के निर्वाचन के लिए अध्यक्ष की नियुक्ति पर चर्चा उपरांत सर्वसम्मति से शहर के प्रतिष्ठित चार्टर्ड अकाउंटेंट नीरज अग्रवाल को नए सत्र के लिए अध्यक्ष नियुक्त किया गया। जन सेवा समिति की बैठक में काफी संख्या में समिति के सदस्य मौजूद रहे। उनके अध्यक्ष बनाए जाने पर समिति के समस्त सदस्यों ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।
वर्तमान अध्यक्ष अशोक खेतान जन सेवा समिति का कार्यभार देख रहे हैं। कोरोना काल के समय से उन्होंने हटरी धर्मशाला के भवनों का जीर्णोद्धार कर उसे एक व्यवस्थित भवन बनाने की दिशा में सभी सदस्यों के सहयोग से सकारात्मक प्रयास किया। श्री खेतान के नेतृत्व में जहां हटरी धर्मशाला में लगभग नए 12 कमरों का निर्माण जन सहयोग से हुआ तो वहीं जन सेवा समिति में भी सभी सदस्य तन मन धन से इस समिति को मजबूत बनाने में जुटे हुए हैं। पूर्व में सीए नीरज अग्रवाल के पिता स्व. खेमचंद निगानियां जन सेवा समिति के सदस्य थे। उनके निधन उपरांत सीए नीरज अग्रवाल इस समिति में सदस्य के रुप में शामिल हुए।
जन सेवा समिति ने विगत वर्षों में हटरी धर्मशाला के बेहतर संचालन के साथ-साथ विभिन्न रचनात्मक, सेवा एवं धार्मिक कार्यों में भी अपना योगदान दिया है, जिसके प्रतिफल स्वरुप जन सेवा समिति को विभिन्न प्रादेशिक एवं जिला स्तर के सरकारी तथा सामाजिक मंचों पर सम्मानित किया गया तथा यह पहली बार संभव हुआ की हटरी धर्मशाला में राष्ट्रीय पर्व पर समिति के सदस्यों की उपस्थिति में ध्वजारोहण का कार्यक्रम आयोजित कर राष्ट्रीय पर्व को भी उत्साह के साथ मनाया गया।




