वाह री वाह सरकार! नहीं थम रहा गोवंश का कारोबार, धंधेबाजों के हौसले बुलंद, पुलिस प्रशासन मौन

बाराद्वार। बाराद्वार थाना क्षेत्रान्तर्गत ग्र्राम सरहर में गोवंश के अवैध कारोबार का मामला प्रकाश में आया है। यहां एक ग्रामीण द्वारा काफी लंबे अरसे से पुलिस प्रशासन की खामोशी का फायदा उठाते हुए खुलेआम गोवंश के अवैध कारोबार का संचालन किया जा रहा है। जिले के तत्कालीन एसपी श्री आहिरे को गौ रक्षा वाहिनी और गौ सेवा समिति द्वारा इसकी जानकारी दिए जाने के बावजूद आश्वासन के अलावा अब तक कुछ नहीं मिल सका और कोई सकारात्मक पहल नहीं होने से ऐसे कारोबारियों के हौसले बुलंद हो चले हैं। आज राष्ट्रीय गौ रक्षा वाहिनी के प्रदेश महासचिव मयंक सिंह ने बाराद्वार थाने में इसकी शिकायत भी दर्ज कराई हैं।
जानकारी के अनुसार बाराद्वार थाना क्षेत्र के ग्राम सरहर में तीजराम साहू नामक एक ग्रामीण के द्वारा काफी लंबे समय से बिना किसी भय के गोवंश के अवैध कारोबार को अंजाम दिया जा रहा है। जब इसकी जानकारी बाराद्वार गौ सेवा समिति के गौ सेवकों, गौ रक्षा वाहिनी के प्रदेश महासचिव मयंक सिंह और प्रदेशाध्यक्ष केदारनाथ साहू के द्वारा तत्कालीन पुलिस अधीक्षक श्री आहिरे को दी गई तो उनके द्वारा कार्रवाई किए जाने का मात्र आश्वासन मिल पाया, वहीं अब तक इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हो सकी है।
गौ रक्षा वाहिनी के महासचिव मयंक सिंह ने बताया कि एक ओर जहां गौ सेवा समिति के सदस्य गोवंश की रक्षा और सेवा में नि:स्वार्थ भाव से दिन-रात जुटे हुए हैं, वहीं ग्राम सरहर में तीजराम साहू द्वारा इन गौवंशों को अपने घर में लंबे समय तक बांधकर रखने और फिर उसे बेचे जाने से यह स्पष्ट प्रतीत होता है कि अवश्य ही वह किसी प्रभावशाली संरक्षक की छत्रछाया में उक्त कृत्य को अंजाम दे रहा है।
पशु सेवकों का कहना है कि पशु व्यापार प्रमाण पत्र के बिना ही तीजराम द्वारा यह कारोबार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पुन: तीजराम को बाराद्वार से पशुओं को एकत्रित करके ग्राम सरहर की ओर ले जाते देखा गया है। गौ रक्षा वाहिनी के महासचिव मयंक सिंह ने लिखित शिकायत करते हुए बाराद्वार थाना प्रभारी से अविलंब कार्रवाई करने, मामले की जांच के बाद सभी गौ वंशों को आजाद कर उन्हें गौ सेवको के सुपुर्द करने तथा ऐसे कृत्य में संलिप्त पशु व्यापारियों के पशु व्यापार प्रमाण पत्र को रद्द करने तथा उनके विरूद्ध कड़ी से कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।




