छत्तीसगढ़

प्रदेश भाजपा कार्यालय के सभागार में सभी 17 प्रकोष्ठों का हुआ संयुक्त सम्मेलन

जमीन से जुड़कर लोगों के बीच मेहनत करने की दी गयी सलाह

रायपुर. छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश कार्यालय में बड़ी तादाद में कार्यकर्ता जुटे। इस बात की चर्चा रही कि इस लोकसभा चुनाव में भाजपा को जीत मिलेगी। मगर बड़े नेता बीच-बीच में यह भी कहते रहे कि ओवर कॉन्फीडेंस में नहीं आना है। जमीन से जुड़कर लोगों के बीच मेहनत करनी होगी तब बात बनेगी।

दरअसल रविवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय के सभागार में पार्टी के सभी 17 प्रकोष्ठों का संयुक्त सम्मेलन हुआ। भाजपा ने डॉक्टर, वकील, कलाकार, मछुआरे, झुग्गी झोपड़ी में रहने वालों, NGO का काम करने वाले जैसे लगभग हर वर्ग से प्रकोष्ठ बना रखे हैं। इन्हें बुलाकर रविवार को डिप्टी CM अरुण साव, अजय जामवाल, पवन साय जैसे नेताओं ने लाेकसभा चुनावों के लिहाज से चार्ज किया। ये सभी अब अपने-अपने वर्गों के बीच जाकर भाजपा के लिए माहौल तैयार करेंगे।

दो सांसदों की शुरुआत वाली प्रदर्शनी
बैठक से पहले उपमुख्यमंत्री ने भाजपा के इतिहास पर आधारित एक प्रदर्शनी का उद्घाटन भी किया। इसमें श्यामा प्रसाद मुखर्जी से लेकर नरेंद्र मोदी के दौर तक भाजपा के सफर को दिखाया गया है। प्रदर्शनी के माध्यम से बताया गया है कि कैसे दो सांसदों वाली भाजपा अपनी विचारधारा, जन सेवा के प्रति प्रतिबद्धता के चलते आज विश्व की सबसे बड़ी सदस्यता वाली राजनीतिक पार्टी बन चुकी है।

जो लोगों ने सोचा नहीं वो मोदी ने किया
उपमुख्यमंत्री साव ने कहा कि पिछले 10 वर्षों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देश में भाजपा की सरकार है और पिछले 10 वर्षों में देश में बहुत क्रांतिकारी, ऐतिहासिक उपलब्धियों के साथ सार्थक व सकारात्मक परिवर्तन आया है। देश में आतंकवाद की घटनाएँ बंद नहीं हो सकती। कहीं भी किसी भी शहर में बम विस्फोट की घटना हो जाती है। भारत देश, जिसका इतिहास वैभवशाली एवं गौरवशाली रहा, सत्ता के लुटेरों ने पूरी दुनिया में उस देश का मान, सम्मान, गौरव सब कुछ धूमिल करके रखा था। लेकिन पिछले 10 वर्षों में प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में सरकार ने कई जनकल्याणकारी काम किए हैं। जो बात आम जनता की सोच में नहीं आई वह काम प्रधानमंत्री मोदी ने करके दिखाया है।

400 पार का मिशन, 51 प्रतिशत चाहिए वोट
भाजपा क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जम्वाल ने कहा कि भाजपा के प्रत्याशियों की घोषणा हो चुकी है। हमारा नारा है- अबकी बार 400 पार, और छत्तीसगढ़ की सभी 11 सीटों पर कमल खिलाना है। जम्वाल ने कहा कि हमें अति आत्मविश्वास में नहीं रहना है और पार्टी के लिए कार्य करना है। प्रकोष्ठों को सभी विधानसभा क्षेत्रों में दीवार लेखन का कार्य भी करना है और 10 घरों में भाजपा का झंडा लगाना है।

प्रधानमंत्री मोदी को हर बूथ से 51 प्रतिशत वोट मिले इसके लिए सभी कार्यकर्ताओं को अभी से जुट जाने के लिए कहा गया है। इस दौरान आईटी सेल प्रदेश संयोजक सुनील पिल्लई ने प्रोजेक्टर के माध्यम से केंद्र सरकार की योजनाओं और नमो एप के बारे में बताया। कार्यक्रम का संचालन सहकारिता प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक शशिकांत द्विवेदी ने किया। इस दौरान सम्मेलन में प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय, प्रदेश उपाध्यक्ष शिवरतन शर्मा, प्रदेश महामंत्री संजय श्रीवास्तव

जगदीश रामू रोहरा, एनजीओ प्रकोष्ठ के संयोजक सुरेन्द्र पाटनी, डॉ. विजय शंकर मिश्रा, जेपी चंद्रवंशी, डॉ. विमल चोपड़ा, जयप्रकाश चन्द्रवंशी, राजेश अग्रवाल, नेहरू निषाद, बिशेषर पटेल, लाभचंद बाफना, प्रदीप सिंह, महेन्द्र पंडित, राजेश अवस्थी, पुरुषोत्तम देवांगन, रामकुमार भट्ट, प्रफुल्ल विश्वकर्मा, प्रशांत सिंह ठाकुर, सोमेश चन्द्र पाण्डेय सहित बड़ी संख्या में समस्त प्रकोष्ठ के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

इन मुद्दों पर लोकसभा चुनाव में होगा प्रचार

  • केंद्र की सरकार ने 11 करोड़ घरों में शौचालय का निर्माण कर माताओं और बेटियों को सम्मानपूर्वक जीने का अधिकार दिया।
  • प्रधानमंत्री मोदी की जनकल्याणकारी योजनाएं उज्ज्वला गैस कनेक्शन, आयुष्मान भारत से देश खुशहाल हो रहा।
  • आयुष्मान भारत योजना के तहत आज गरीबों का 5 लाख रुपए तक का नि:शुल्क इलाज हो रहा है।
  • देश के गरीब हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्की छत दी जा रही है।
  • हर घर में शुद्ध पेयजल की व्यवस्था केंद्र सरकार ने की है।
  • कश्मीर से धारा 370 की समाप्ति प्रधानमंत्री मोदी के कुशल नेतृत्व से संभव हो पाया।
  • अयोध्या में भगवान श्री रामलला के मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा हुई।
  • प्रधानमंत्री मोदी ने देश के 130 करोड़ लोगों को नि:शुल्क को-वैक्सीन उपलब्ध कराया।
  • छत्तीसगढ़ में 25 दिसम्बर को दो वर्षों के धान के बकाया बोनस का भुगतान सुशासन दिवस के दिन कर दिया गया।
  • पहली कैबिनेट की बैठक में 18 लाख प्रधानमंत्री आवास के लिए राज्यांश की व्यवस्था कर दी गई है।
  • 21 क्विंटल धान की खरीदी 3100 रुपए में की गई।
  • महतारी वंदन योजना के लिए राशि का प्रावधान किया गया है।
  • धान के अंतर की राशि का भुगतान भी 12 मार्च को कर दिया जाएगा।

Related Articles