छत्तीसगढ़

नशे के विरूद्ध अभियान जारी ….शराब बनाने के लिए खेतों में छिपाकर रखे 5 क्विंंटल लहान को किया गया नष्ट

चलित थाना ‘संवाद’ का मिल रहा अच्छा प्रतिसाद, आम जनता भी हो रही लाभान्वित

सक्ती/मालखरौदा/अड़भार। एसपी श्रीमती अंकिता शर्मा दिशा निर्देश एवं एडिशनल एसपी श्रीमती गायत्री सिंह के पर्यवेक्षण में सक्ती जिले की पुलिस द्वारा नशे के विरूद्ध व्यापक पैमाने पर अभियान चलाया जा रहा है। शहर तो क्या, गांव के अंतिम छोर तक गहन छानबीन की जा रही है। इसी तारतम्य में मालखरौदा थाना तथा अड़भार चौकी क्षेत्रान्तर्गत ग्रिाम खर्री, चारपारा तथा अड़भार में तालाब किनारे खेतों में छिपाकर रखे गए महुआ के पाश यानी लहान को पुलिस ने बरामद कर उसे नष्ट कर दिया है।

नव पदस्थ एसपी श्रीमती अंकिता शर्मा के दिशा निर्देश एवं अभिनव पहल पर जिले में कार्यक्रम संवाद का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम चलित थाने के रूप में संचालित होता है। आम जनता और पुलिस-प्रशासन के बीच आपसी सामंजस्य स्थापित करने के उद्देश्य से प्रारंभ किए गए इस कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को शराब खोरी,जुआ,सट्टा टोनही प्रताडऩा,महिलाओं से संबंधित अपराध,मानव तस्करी, साइबर क्राइम, एटीएम फ्रॉड एवं यातायात के नियमों के संबंध में जागरूकता लाने हेतु आवश्यक समझाइश दी जा रही है।

इसी कड़ी में ग्राम नगझर में चलित थाना ‘संवाद’ का आयोजन किया गया, जिसमें लोगों में जागरूकता लाने के साथ-साथ चरित्र सत्यापन हेतु ऑनलाइन आवेदन करने की भी जानकारी दी गई। एसपी श्रीमती अंकिता की उक्त उल्लेखनीय पहल का जिले में अच्छा प्रतिसाद मिलने लगा है और आम जनता इससे लाभान्वित भी हो रही है। एसपी के निर्देश पर जिले में लगातार जुआ एक्ट और आबकारी अधिनियम के तहत कार्यवाही की जा रही है।

Related Articles