भविष्य के लिए ऑक्सीजन जोन बनाने का संकल्प: नवीन रक्षित केंद्र नंदौरखुर्द में महावृक्षारोपण, एसपी प्रफुल्ल ठाकुर व डीएफओ हिमांशु डोंगरे के नेतृत्व में लगे 1500 पौधे

सक्ती। पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने और आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित एवं स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सक्ती जिले के नवीन रक्षित केंद्र नंदौरखुर्द में सोमवार को वृहद महावृक्षारोपण अभियान का आयोजन किया गया। अभियान में पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर एवं वनमंडलाधिकारी (डीएफओ) हिमांशु डोंगरे के नेतृत्व में लगभग 1500 पौधों का रोपण किया गया। इस अभियान के तहत कुल 3000 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल, एसडीओपी सक्ती भुवनेश्वरी पैकरा, नगर निरीक्षक सक्ती लखन पटेल, उमेश राय, थाना प्रभारी बाराद्वार नरेंद्र यादव सहित जिले के सभी थाना प्रभारी एवं पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। प्रशासन की ओर से अपर कलेक्टर लकड़ा ने भी सहभागिता निभाई।
जनप्रतिनिधियों में नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर अग्रवाल, सांसद प्रतिनिधि संजय रामचंद्र, कालू रघुनाथ, राहुल अग्रवाल, नंदौरखुर्द के सरपंच धनंजय राठौर सहित ग्रामवासी, स्कूली बच्चे, पत्रकारगण, गणमान्य नागरिक तथा वन विभाग एवं पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
भविष्य के लिए ऑक्सीजन जोन तैयार करने का लिया संकल्प
महावृक्षारोपण अभियान के दौरान सभी उपस्थित अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने भविष्य के लिए एक विकसित “ऑक्सीजन जोन” तैयार करने का संकल्प लिया। साथ ही यह भी संकल्प लिया गया कि केवल पौधे लगाना ही उद्देश्य नहीं होगा, बल्कि प्रत्येक पौधे की धारण (स्थापित) अवस्था तक नियमित देखभाल और संरक्षण किया जाएगा, ताकि वह एक सशक्त वृक्ष बनकर आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण और पर्याप्त ऑक्सीजन उपलब्ध करा सके।
एसपी प्रफुल्ल कुमार ठाकुर ने कहा
पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल वन विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि आज लगाए गए पौधे आने वाले वर्षों में जिले की अमूल्य धरोहर बनेंगे। यदि हर व्यक्ति एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करे तो पूरा क्षेत्र हरियाली से आच्छादित हो सकता है। उन्होंने कहा कि सक्ती पुलिस केवल कानून व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक सरोकारों और पर्यावरण संरक्षण जैसे अभियानों में भी पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
डीएफओ हिमांशु डोंगरे ने कहा
वनमंडलाधिकारी हिमांशु डोंगरे ने कहा कि वृक्षारोपण तभी सफल माना जाएगा जब लगाए गए पौधे सुरक्षित रहकर वृक्ष का रूप धारण करें। उन्होंने कहा कि विभाग का उद्देश्य केवल पौधारोपण करना नहीं, बल्कि उन्हें संरक्षित कर स्थायी हरित क्षेत्र विकसित करना है। नंदौरखुर्द में विकसित किया जा रहा यह क्षेत्र भविष्य में जिले के लिए एक महत्वपूर्ण ऑक्सीजन जोन के रूप में स्थापित होगा। इसके लिए वन विभाग नियमित निगरानी और संरक्षण की व्यवस्था सुनिश्चित करेगा।
नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर अग्रवाल ने कहा
नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर अग्रवाल ने कहा कि प्रकृति का संरक्षण ही मानव जीवन की सुरक्षा है। बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन के इस दौर में वृक्षारोपण सबसे बड़ा सामाजिक दायित्व बन गया है। उन्होंने कहा कि नंदौरखुर्द में शुरू किया गया यह अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं बल्कि आने वाली पीढ़ियों के स्वस्थ भविष्य की नींव है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि प्रत्येक व्यक्ति कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए और उसकी देखभाल तब तक करे जब तक वह पूर्ण विकसित वृक्ष न बन जाए। जनभागीदारी से ही सक्ती को हरित, स्वच्छ और पर्यावरणीय दृष्टि से समृद्ध जिला बनाया जा सकता है।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण की शपथ लेते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने, उनकी सुरक्षा करने तथा नंदौरखुर्द को भविष्य के हरित ऑक्सीजन जोन के रूप में विकसित करने का सामूहिक संकल्प लिया। पूरे आयोजन में पुलिस विभाग, वन विभाग, प्रशासन, जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों, स्कूली बच्चों, पत्रकारों एवं गणमान्य नागरिकों की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही।










