छत्तीसगढ़

सक्ती के बैनर विवाद का असर बाराद्वार में, नगर पंचायत के एल्डरमैन शपथ समारोह के बैनर पर दिखे मुख्यमंत्री सहित भाजपा के शीर्ष नेता



सक्ती/बाराद्वार। नगर पंचायत बाराद्वार में आयोजित नामांकित एल्डरमैन के शपथ ग्रहण समारोह में सक्ती के बैनर विवाद का असर साफ दिखाई दिया। समारोह के लिए तैयार किए गए बैनर में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित भाजपा के शीर्ष नेताओं की तस्वीरों को प्रमुखता से स्थान दिया गया। इसे सक्ती नगर पालिका परिषद के शपथ ग्रहण समारोह में हुए बैनर विवाद के बाद हुई सकारात्मक पहल के रूप में देखा जा रहा है।

गौरतलब है कि नगर पालिका परिषद सक्ती में आयोजित नामांकित एल्डरमैन के शपथ ग्रहण समारोह के बैनर से मुख्यमंत्री एवं उपमुख्यमंत्री सहित भाजपा के शीर्ष नेताओं की तस्वीरें गायब होने पर भाजपा नेता चिराग अग्रवाल ने सोशल मीडिया के माध्यम से इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया था। इसके बाद  नई दुनिया,,दैनिक मूलमंत्र,, ने  इस समाचार को प्रमुखता से प्रकाशित किया, जिससे मामला राजनीतिक और सामाजिक चर्चा का विषय बन गया।

इसी के बाद नगर पंचायत बाराद्वार में आयोजित नामांकित एल्डरमैन के शपथ ग्रहण समारोह में जांजगीर लोकसभा की सांसद कमलेश जांगड़े और सक्ती जिले के भाजपा जिलाध्यक्ष टिकेश्वर गबेल की मौजूदगी में तैयार किए गए बैनर में मुख्यमंत्री सहित भाजपा के वरिष्ठ नेताओं की तस्वीरें प्रमुखता से शामिल की गईं। इससे यह संदेश गया कि शीर्ष नेतृत्व के सम्मान और संगठनात्मक मर्यादा का पूरा ध्यान रखा गया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए मुद्दे और मीडिया की सक्रियता का सकारात्मक असर देखने को मिला है। बाराद्वार का समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ, जहां नव-नामांकित एल्डरमैनों का शपथ ग्रहण कराने के साथ उनका स्वागत एवं सम्मान भी किया गया। सक्ती में जिस बैनर को लेकर विवाद खड़ा हुआ था, उसके बाद बाराद्वार में उसी विषय पर विशेष सतर्कता बरती गई, जिसकी चर्चा राजनीतिक गलियारों में भी हो रही है।

Related Articles