छत्तीसगढ़

एसपी प्रफुल्ल ठाकुर की अभिनव पहल: अग्रसेन चौक में जल्द बनेगा “पुलिस जन संवाद कक्ष” हर शाम जनता से होंगे रूबरू



सक्ती। सक्ती शहर में पुलिस और आम नागरिकों के बीच सीधा संवाद स्थापित करने की दिशा में पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर ने एक अभिनव पहल की है। उनकी पहल पर नगर के अग्रसेन चौक में जल्द ही पुलिस जन संवाद कक्ष का निर्माण कराया जाएगा, जहां आम लोग अपनी समस्याएं, शिकायतें और सुझाव सीधे पुलिस अधीक्षक के समक्ष रख सकेंगे।

सोमवार शाम पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर ने नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर अग्रवाल के साथ अग्रसेन चौक पहुंचकर प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों ने मौके का मुआयना कर पुलिस जन संवाद कक्ष के निर्माण की रूपरेखा पर चर्चा की।

जानकारी के अनुसार, नगर के बीचों-बीच बनने वाले इस पुलिस जन संवाद कक्ष में प्रतिदिन शाम के समय पुलिस अधीक्षक स्वयं बैठकर नागरिकों से सीधे संवाद करेंगे। इससे लोगों को अपनी समस्याएं और शिकायतें बिना किसी औपचारिकता के सीधे शीर्ष पुलिस अधिकारी तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा। साथ ही स्थानीय स्तर पर कई मामलों का त्वरित निराकरण भी संभव हो सकेगा।

पुलिस विभाग की इस पहल का उद्देश्य पुलिस और जनता के बीच विश्वास, पारदर्शिता और बेहतर समन्वय स्थापित करना है। अधिकारियों का मानना है कि नियमित जनसंवाद से कानून-व्यवस्था को लेकर नागरिकों की भागीदारी बढ़ेगी और लोगों का पुलिस पर भरोसा और मजबूत होगा।

नगरवासियों ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे जनहित में एक सकारात्मक और दूरदर्शी कदम बताया है। पुलिस जन संवाद कक्ष का निर्माण कार्य जल्द शुरू होने की संभावना है। इसके शुरू होने के बाद सक्ती जिले में पुलिस और जनता के बीच संवाद का एक नया अध्याय जुड़ जाएगा।

Related Articles