जनहित में पार्षद उर्मिला कश्यप व भाजपा नेता संजय कश्यप की पहल: शनि मंदिर-दुर्गा मंदिर परिसर में लगवाए 8 सीसीटीवी कैमरे, नशेड़ियों व चोरों में मचा हड़कंप




सक्ती। नगर के वार्ड क्रमांक 11 की पार्षद उर्मिला कश्यप एवं उनके पुत्र भाजपा नेता संजय कश्यप ने जनहित को सर्वोपरि रखते हुए एक सराहनीय पहल की है। नगर के शनि मंदिर, दुर्गा मंदिर एवं तालाब परिसर के आसपास लंबे समय से नशेड़ियों का जमावड़ा लगने तथा आए दिन विवाद, मारपीट और असामाजिक गतिविधियों की शिकायतें मिल रही थीं। इसके साथ ही नगर पालिका के बोरवेल के केबल चोरी होने की घटनाएं भी लगातार सामने आ रही थीं, जिससे क्षेत्रवासी परेशान थे।
क्षेत्र की इस गंभीर समस्या को देखते हुए पार्षद उर्मिला कश्यप और भाजपा नेता संजय कश्यप ने अपने स्वयं के खर्च पर उक्त क्षेत्र में 8 सीसीटीवी कैमरे लगवाए हैं। कैमरे लगने से अब पूरे परिसर की निगरानी की जा सकेगी और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा सकेगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मंदिर परिसर में शाम होते ही कुछ लोगों द्वारा नशाखोरी की जाती थी, जिससे श्रद्धालुओं और आसपास के रहवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ता था। कई बार विवाद की स्थिति भी निर्मित हो जाती थी। वहीं नगर पालिका के बोरवेल से केबल चोरी की घटनाओं ने भी लोगों की चिंता बढ़ा दी थी।
भाजपा नेता संजय कश्यप ने कहा कि मंदिर परिसर आस्था का केंद्र है और यहां किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सीसीटीवी कैमरे लगने से न केवल चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगेगा, बल्कि नशाखोरी करने वाले और असामाजिक तत्वों में भी भय का माहौल बनेगा।
क्षेत्रवासियों ने पार्षद उर्मिला कश्यप और भाजपा नेता संजय कश्यप की इस जनहितकारी पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे मंदिर परिसर की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी और आम नागरिकों को राहत मिलेगी। लोगों ने उम्मीद जताई है कि इस पहल से क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और सामाजिक सौहार्द का वातावरण और मजबूत होगा।



