छत्तीसगढ़

सक्ती पुलिस का नशे के कारोबार पर बड़ा प्रहार : 2 क्विंटल से अधिक गांजा जब्त, 1.85 करोड़ की संपत्ति बरामद
अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार जारी रहेगी कार्रवाई – एसपी प्रफुल्ल ठाकुर



सक्ती। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सक्ती पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। चौकी फगुरम एवं थाना डभरा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए राजस्थान ले जाए जा रहे दो क्विंटल से अधिक (208.965 किलोग्राम) गांजा को जब्त किया है। मामले में राजस्थान निवासी एक आरोपी एवं एक नाबालिग को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस अधीक्षक सक्ती प्रफुल्ल कुमार ठाकुर (भा.पु.से.) के निर्देश पर अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 17 जून 2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि उड़ीसा से ट्रेलर वाहन में बड़ी मात्रा में गांजा भरकर चंद्रपुर, फगुरम, खरसिया मार्ग से राजस्थान ले जाया जा रहा है।

सूचना के आधार पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल एवं एसडीओपी डभरा सुमीत गुप्ता के मार्गदर्शन में चौकी प्रभारी फगुरम उप निरीक्षक अनवर अली ने टीम के साथ ग्राम बोडासागर के पास सागर फैमिली ढाबा के सामने नाकाबंदी कर संदिग्ध ट्रेलर RJ 09 GC 5216 को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान ट्रेलर से 40 पैकेटों में भरा 208.965 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।

पुलिस ने गांजे की कीमत लगभग 1 करोड़ 4 लाख 48 हजार रुपये, परिवहन में प्रयुक्त ट्रेलर की कीमत लगभग 40 लाख रुपये, ट्रेलर में लदे फ्लोरस्पार पाउडर की कीमत 21 लाख 42 हजार रुपये तथा दो मोबाइल फोन सहित कुल 1 करोड़ 66 लाख 20 हजार 460 रुपये की संपत्ति जब्त की है। प्रारंभिक आकलन के अनुसार गांजे का बाजार मूल्य करीब 1 करोड़ 45 लाख रुपये बताया गया है।

मामले में अर्पित सिंह (20 वर्ष), निवासी थाना जेवाजा, जिला अजमेर (राजस्थान) को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक नाबालिग को भी विधि अनुसार कार्रवाई करते हुए न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 219/2026, धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

इस कार्रवाई की विशेष बात यह रही कि आरोपियों की धरपकड़ के लिए सक्ती पुलिस द्वारा लगातार 26 घंटे तक विभिन्न स्थानों पर बैरिकेडिंग कर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया, जिसके परिणामस्वरूप यह बड़ी सफलता मिली।

उक्त कार्रवाई में चौकी प्रभारी फगुरम उप निरीक्षक अनवर अली, साइबर सेल प्रभारी उप निरीक्षक सी.पी. कंवर, एएसआई हीराराम संवरा, प्रधान आरक्षक टीकम सिंह साव, अश्वनी सिदार, लक्ष्मीनारायण राठौर, आरक्षक अलेक्स मिंज, नान्हीराम यादव, फारूख खान, अनिल रात्रे, दिनेश कुमार पटेल एवं अविनाश देवांगन का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर ने कहा कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे तत्वों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles