बिहान नर्सिंग होम में बिना चीरा के लीवर एब्सेस का सफल ऑपरेशन, डॉ. राहुल अग्रवाल ने दिखाई आधुनिक सर्जरी की मिसाल


सक्ती। जिला मुख्यालय सक्ती स्थित बिहान नर्सिंग होम में एक जटिल चिकित्सा प्रक्रिया को सफलतापूर्वक अंजाम देते हुए सुप्रसिद्ध सर्जन डॉ. राहुल अग्रवाल ने लीवर एब्सेस (लिवर में पस भरने की समस्या) का बिना चीरा लगाए सफल ऑपरेशन किया। इस प्रक्रिया में अत्याधुनिक पिगटेल कैथेटर तकनीक का उपयोग किया गया, जिससे मरीज को बड़ी सर्जरी की आवश्यकता नहीं पड़ी।
जानकारी के अनुसार, मरीज लंबे समय से पेट दर्द, बुखार एवं अन्य शारीरिक परेशानियों से जूझ रहा था। जांच के दौरान उसके लीवर में एब्सेस पाए जाने पर डॉ. राहुल अग्रवाल ने आधुनिक तकनीक से उपचार करने का निर्णय लिया। पिगटेल कैथेटर तकनीक के माध्यम से बिना बड़ा चीरा लगाए लीवर में जमा पस को सफलतापूर्वक बाहर निकाला गया, जिससे मरीज को तुरंत राहत मिली।
डॉ. राहुल अग्रवाल ने बताया कि इस तकनीक से मरीज को कम दर्द होता है, संक्रमण का खतरा कम रहता है तथा रिकवरी भी तेजी से होती है। उन्होंने कहा कि आधुनिक चिकित्सा पद्धतियों के कारण अब कई जटिल बीमारियों का उपचार बिना बड़ी सर्जरी के संभव हो गया है।
गौरतलब है कि डॉ. राहुल अग्रवाल सक्ती क्षेत्र के प्रतिष्ठित सर्जन हैं और वे क्षेत्र के साथ-साथ बड़े अस्पतालों में भी अपनी विशेषज्ञ सेवाएं दे रहे हैं। उनके द्वारा लगातार आधुनिक तकनीकों के माध्यम से सफल सर्जरी किए जाने से क्षेत्रवासियों को महानगरों जैसी चिकित्सा सुविधाओं का लाभ स्थानीय स्तर पर मिल रहा है।
इस सफल ऑपरेशन पर मरीज एवं उसके परिजनों ने डॉ. राहुल अग्रवाल तथा बिहान नर्सिंग होम की पूरी टीम के प्रति आभार व्यक्त किया है।




