अजाक थाना के शुभारंभ से पुलिसिंग में आएगी कसावट, पीड़ितों को मिलेगा त्वरित न्याय — एसपी प्रफुल्ल ठाकुर
सक्ती जिले में सुरक्षा, विश्वास और जनसेवा के नए अध्याय की शुरुआत– श्याम सुंदर अग्रवाल

सक्ती:- मंगलवार 19 मई 2026 को जिला सक्ती में नवीन पुलिस थाना अजाक का भव्य शुभारंभ किया गया। थाना परिसर कोतवाली सक्ती के सामने निर्मित नवीन भवन में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर ने फीता काटकर एवं पूजा-अर्चना के साथ किया। कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद अध्यक्ष श्यामसुंदर अग्रवाल, सुरेश जायसवाल, गिरधर जायसवाल, चितरंजय पटेल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिवक्ता, पत्रकार एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर ने कहा कि अजाक थाना की स्थापना से अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग से जुड़े मामलों के त्वरित निराकरण में मदद मिलेगी तथा आम नागरिकों को बेहतर पुलिस सहायता उपलब्ध हो सकेगी। उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास एवं समन्वय मजबूत करना विभाग की प्राथमिकता है।
इसके पश्चात नगर पालिका अध्यक्ष श्यामसुंदर अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि अजाक थाना के शुभारंभ से जिले की पुलिसिंग व्यवस्था में और अधिक कसावट आएगी। पीड़ित लोगों को जल्द से जल्द न्याय मिलेगा तथा अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगेगा। उन्होंने कहा कि यह थाना समाज के कमजोर एवं पीड़ित वर्ग के लिए न्याय का मजबूत केंद्र साबित होगा तथा आमजन में सुरक्षा और विश्वास की भावना को और अधिक मजबूत करेगा।
कार्यक्रम के दौरान थाना परिसर को आकर्षक रोशनी, स्वागत द्वार एवं पुलिस विभाग के प्रतीकों से सजाया गया था। उपस्थित लोगों ने इसे जिले की सुरक्षा व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल, एसडीओपी भुवनेश्वरी पेकरा, जिले के विभिन्न थाना प्रभारी, पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
समारोह के दौरान कृष्ण चंद्र मोहले ने अजाक थाना के प्रथम थाना प्रभारी के रूप में प्रभार ग्रहण किया।
नवीन अजाक थाना का शुभारंभ केवल एक भवन का उद्घाटन नहीं, बल्कि सक्ती जिले में सुरक्षा, न्याय, जनविश्वास और सुशासन की नई शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है।





